बारिश का मौसम पूरे शबाब पर है। रुक रुक थम थम कर पानी की फुहारें तन मन में शीतलता का संचार कर रही हैं।। बरखा रुकती भी है तो ठंडी हवाओं के झोंके आ कर दिल को सहला जाते हैं। मन भी है कि उड़ चला है पुरानी यादों की तरफ़ और आँखों के सामने  उभरने लगी है वो शाम जब आकाश में काले बादल धूप के साथ आँख मिचौनी का खेल खेल कर रहे थे नीचे इक नदी का नीला आँचल था जिसे हरे भरे पेड़ों ने अपनी बाहों में थाम रखा था। तो आइए उस मंज़र को सजीव करें आज के इस फोटो फीचर में.. 
| गर्मी में ओंटोरियो की हरियाली देखते ही बनती है। | 
वो शाम कनाडा की थी. नियाग्रा से हमें दो दिन बाद ही टोरंटो के लिए निकलना था। मई महीने का आखिरी हफ्ता था।  शाम को जब अपना काम निबटाकर घूमने की फुर्सत मिली तो पौने सात बज रहे थे। पर बाहर दिन शाम को पास फटकने भी नहीं दे रहा था। हमारे होस्ट ने सुझाया कि चलिए आपको नियाग्रा नदी के साथ साथ  एक लम्बी  ड्राइव पर ले चलें। आफिस से थक हार कर निकल रहे लोगों के लिए इससे अच्छा प्रस्ताव क्या होगा भला तो हम सहर्ष ही उनके साथ निकल पड़े।
|  | 
| ये है नियाग्रा नदी का रास्ता.. | 
नियाग्रा नदी ज्यादा लंबी नदी नहीं है। इसकी कुल लंबाई साठ किमी से भी कम है। ये लेक एरी से निकलती है और दक्षिण से उत्तर की ओर बहती हुई लेक ओंटेरियो में जा मिलती है। इसके पश्चिमी तट पर कनाडा का ओंटेरियो  है और पूर्वी तट से सटा  अमेरिका का न्यूयार्क राज्य। 
| वो शामें, वो मौसम, नदी का किनारा..वो चंचल हवा | 
 
 



