Bhubneshwar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Bhubneshwar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 22 दिसंबर 2008

मुसाफ़िर हूँ यारों विशेष : क्या आपके शहर के कार्यालयों की चारदीवारी इतनी सुंदर है ?

भारतीय शहरों में आम तौर पर सरकारी चारदीवारियों को उनके अपने वास्तविक रंगों में कायम रख पाना एक टेढ़ी खीर है। राजनैतिक दलों के आह्वानों से लेकर, कागज़ी इश्तिहारों , पान की पीकों और यहाँ तक की मूत्र त्याग से ये दीवारें सुशोभित रहती हैं। पर उड़ीसा सरकार और खासकर भुवनेश्वर (Bhubneshwar) के म्यूनिसिपल कमिश्नर की तारीफ करनी होगी जिन्होंने एक ऐसा तरीका ढूँढ निकाला जिससे ना केवल शहर की दीवारें सुसज्जित हो गईं, बल्कि यहाँ के कलाकारों की पूछ राज्य में ही नहीं पूरे देश में हो गई।

तो क्या तरीका अपनाया यहाँ की म्यूनिसिपल कमिश्नर ने ? इन दीवारों को उड़ीसा के कलाकारों को सौंप दिया गया ताकि वे अपनी कला के माध्यम से उड़ीसा (अब ओड़ीसा) की समृद्ध कला और संस्कृति को उभारें। इसके लिए कलाकारों को जो पैसे दिए गए उन्हें राज्य में कार्य कर रही निजी कंपनियों द्वारा प्रायोजित किया गया। बाद में जब अन्य राज्यों के प्रतिनिधि भुवनेश्वर आए तो अपने राज्यों में ऍसा कुछ करने के लिए इनमें से कई कलाकारों को आमंत्रण दे डाला। तो चलिए मेरे साथ आप भुवनेश्वर की सड़कों पर और कीजिए कला और संस्कृति के विविध रूपों का दर्शन, इन दीवारों पर उकेरे गए चित्रों के माध्यम से..

तो शुरुआत यहाँ की ऐतिहासिक धरोहरों से। ये रहा खंडगिरि (Khandgiri) और उदयगिरि (Udaigiri) का चित्र और उसके नीचे के चित्र में बाँयी तरफ नजर आ रहा है धौलागिरी (Dhaulagiri) का बौद्ध स्मारक जिसकी विस्तार से चर्चा मैं अपनी पिछली पोस्ट में कर चुका हूँ।



शहर के विभिन्न इलाकों की सरकारी इमारतों की दीवारों पर बनाए गए चित्र उड़ीसा के जनजातीय और अन्य इलाकों की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। नीचे के दृश्य में उड़ीसा में मिट्टी के पात्रों पर की गई नक्काशी को दिखाया गया है। इनका इस्तेमाल रोजमर्रा के काम आने वाले बर्तनों और विभिन्न रीति रिवाजों को संपादित किए जाने वाले विशेष पात्रों के रूप में किया जाता है। इन पात्रो को कुम्हार, शक्ति के विभिन्न प्रतीकों जैसे बैल, हाथी, घोड़े या फिर मंदिर का रूप देते हैं।


उड़ीसा की जनजातियाँ भले ही गरीबी और कुपोषण के दंश को जीवन पर्यन्त झेलने को मजबूर हों फिर भी सामाजिक जीवन में उन्होंने पारंपरिक नृत्य और संगीत को अपने त्योहारों और रीति रिवाजों से समाहित रखा है। वैसे तो विभिन्न जनजातियों में नृत्य की विभिन्न शैलियाँ हैं पर कुछ हद तक इनमें साम्यता भी है। इन सारे नृत्यों में एक खास तरह के रिदम यानि ताल रखा जाता है। ये लय तालियों के रूप में हाथों की थाप या फिर ढोल या नगाड़ों से रची जाती है। नर नारी और बच्चे सभी लोक गीत गाते हैं और साथ ही थिरकते हैं पर नृत्य की लय देने का काम सामान्यतः पुरुष ही करते हैं, जैसा कि आप नीचे के चित्र से देख सकते हैं


उड़ीसा की विभिन्न जनजातियाँ यूँ तो पूरे राज्य के विभिन्न जिलों में पाई जाती हैं पर कोरापुट, मयूरभंज, कालाहांडी, सुंदरगढ़ क्योंझर, काँधमाल और मलकानगिरि जिलों में इनकी संख्या ज्यादा है। इनमें से कुछ ने तो खेती बाड़ी को अपना प्रमुख उद्यम बना लिया है तो कुछ ने अभी तक अपनी संस्कृति को बाहरी प्रभावों से मुक्त रखा है। नीचे के दृश्य में युद्ध पर जाते एक जनजातीय दल को दिखाया गया है।


नृत्य और संगीत उड़ीसा की संस्कृति का अभिन्न अंग रहे हैं। ओडिसी नृत्य का उद्भव उड़ीसा के मंदिरो से हुआ और प्राचीन समय से मंदिर की देवदासियों ने इस परम्परा को बनाए रखा। नीचे के चित्र इस नृत्य की विभिन्न भाव भंगिमाओं और साथ प्रयुक्त होने वाले वाद्य यंत्रों को प्रदर्शित कर रहे हैं।


उड़ीसा की चित्रकला का भी समृद्ध इतिहास रहा है। पुरी के जगन्नाथ मंदिर की अंदरुनी दीवारों को अगर आपने गौर से देखा हो तो आप पाएँगे कि यहाँ चटक रंगों (लाल, हरा, बैंगनी, काला, सफेद आदि) का खूब प्रयोग होता रहा है। मूलतः यहाँ की चित्रकारी को तीन हिस्सों में विभाजित किया जा सकता है : भित्ति चित्र (Murals), तालपटचित्र (Palm Leaf Engravings) और कपड़ों पर बनाए जाने वाले चित्र (Cloth Paintings)

इसके आलावा यहाँ की एक और कला है खेल में प्रयुक्त गोल पत्तों जी हाँ गोल ये उड़ीसा की खासियत है इन्हें यहाँ गंजप (Ganjapas) कहा जाता है। इनकी किनारी पर भिन्न प्रकार के डिजाइन बने रहते हैं और बीच में रामायण और विष्णु लीला के दृश्य रहते हैं। सड़क पर घूमते टहलते इससे मिलती जुलती पेंटिंग पर नज़र पड़ी तो मैंने इसे भी कैमरे में क़ैद कर लिया

इसके आलावा मैंने भुवनेश्वर में ऍसी दीवारों को भी देखा जिन पर यहाँ की प्रसिद्ध संभलपुरी (Sambhalpuri Silk) और तसर सिल्क की साड़ियाँ लगी हुई थीं। यानि अगर आपने पूरे शहर का चक्कर मार लिया तो यहाँ की सारी कलाओं की झांकियाँ तो मिल ही जाएँगी। है ना नायाब तरीका अपने राज्य की धरोहरों को प्रदर्शित करने का !

शनिवार, 6 दिसंबर 2008

मेरी ओड़िशा यात्रा : कुछ झलकियाँ नंदन कानन से.... Snapshots from Nandan Kanan

नंदन कानन (Nandan Kanan) यानि उल्लास से भरा एक वन। नंदन कानन का जैविक उद्यान भुवनेश्वर से करीब बीस किमी दूरी पर है। 1960 में स्थापित ये उद्यान सफेद बाघों (White Tigers) के लिए तो मशहूर है ही साथ ही यहाँ घड़ियाल प्रजनन केंद्र (Gharial Breeding Centre) भी है।


नंदन कानन में आप टाइगर सफॉरी (Tiger Safari) और नेचर ट्रेल (Nature Trail) का भी आनंद ले सकते हैं। इतना ही नहीं चंडक के जंगलों के विस्तार में बसे इस वन को आप देखना तो चाहते हों पर ज्यादा चलना फिरना आपके लिए कष्टकारी हो तो यहाँ के रोप वे (Rope Way) का इस्तेमाल करें।

हमारे पास नंदन कानन में व्यतीत करने के लिए तीन घंटे का ही समय था जो कि इसे पूरी तरह देखने के लिए अपर्याप्त है। इसलिए बिना ज्यादा समय नष्ट किए हम पहले सफेद बाघ के बाड़े की ओर ही चल पड़े। नंदन कानन में आज ३० से ऊपर सफेद बाघ हैं जिनका रूप आप को सहज ही आकर्षित करता है


जहाँ बाघ अपनी गुर्राहट से जंगल की शांति में खलल डाल रहे थे वहीं ये जनाब घास के बीचों बीच सुस्ताते दिखाई दिए

फिर रोपवे की ओर बढ़े तो ये हाथी मिल कर अभिवादन करने लगे।

और जिन विदेशी घुमंतु पक्षियों (Migratory Birds) की तालाश हम चिलका में कर रहे थे वो आखिरकार यहाँ देखने को मिलीं

रोपवे से जंगल की विशालता तो दिखती है पर इतनी ऊपर से आप उसे महसूस नहीं कर पाते जैसा कि नेचर ट्रेल में हमने पेरियार में किया था। रोप वे (Rope Way) से दिखती ये सहमी शांत सी झील

शुक्रवार, 21 नवंबर 2008

चलिए चलें भुवनेश्वर की जैन गुफाओं और मंदिरों की सैर पर !

भुवनेश्वर मंदिरों का शहर है। जैन, बौद्ध और हिंदू धर्मों के अनुयायिओं ने कालांतर में इस प्राचीन कलिंग प्रदेश में कई मंदिरों का निर्माण किया। पिछली पोस्ट में मैंने आपसे खंडगिरि के जैन मंदिर के आहाते में खींचे गए चित्र से जुड़ा एक सवाल पूछा था। यूँ तो आप सबमें से अधिकांश लोगों ने उसे किसी मन्नत से जोड़ा था पर चित्र पहेली का बिल्कुल सही जवाब अभिषेक ओझा ने दिया था। ईंट पत्थरों को एक दूसरे पर सजाने के पीछे मान्यता ये है कि ऍसा करने से अपने घर के नव निर्माण का सपना शीघ्र पूरा होता है।

खैर, मंदिरों की सैर कराने के पहले आज सबसे पहले आपको ले चलते हैं, भुवनेश्वर से करीब ७ किमी. दूर स्थित उदयगिरी (Udaigiri) और खंडगिरी (Khandgiri) की गुफाओं की ओर ! कहते हैं ये गुफाएँ आज से करीब २००० वर्ष पूर्व जैन राजा खारवेल (Jain King Kharvela) के समय बनाई गई थीं। हमलोग यहाँ दिन के तीन बजे पहुँचे थे। प्रवेश द्वार पर बंदरों की फौज हमारे स्वागत को तैयार थी। नतीजन कैमरे को चुपचाप पतलून की जेब में डाल कर हम गुफाओं की ओर जाने वाले रास्ते पर बढ़ चले थे। जमीन से ३०-३५ मीटर ऊपर पहुँचते ही गुफाएँ दिखनी शुरु हो जाती हैं।
उदयगिरि में करीब १५ से २० के बीच गुफाएँ हैं। कुछ के अंदर घुसने के लिए वर्गाकार चौखट बनी हुई हैं , जबकि अधिकांश गुफाओं के लिए ये स्वरूप आयताकार है। गुफाओं के अंदर का फर्श सपाट है जो लगता है कि जैन साधकों के विश्राम करने के लिए बनाया गया होगा। कहीं कहीं एक ओर फर्श पर हल्का उठा हुआ प्रोजेक्शन भी दिखा जो शायद तकिये का भी काम करता हो।


गुफा की दीवारों पर जानवरों, युद्ध से जुड़े शिल्प हैं जो संभवतः जैन शासक खारवेल के समय रहे परिवेश को दर्शाते हैं पर इनमें से अधिकांश बहुत हद तक टूट गए हैं। गुफा के प्रवेश द्वार को हाथी, साँप जैसे जानवरों की शक्ल दी गई है। इसी आधार पर इनका नामाकरण हाथी गुफा, पैरट केव्स या अनंत गुफा आदि पड़ा है। देखिए ऍसी ही एक गुफा के प्रवेश द्वार की ये तसवीर...



उदयगिरी के ठीक सामने और उससे थोड़ी ऊँची खंडगिरि की पहाड़ियाँ हैं। इसकी ऊँचाई करीब ४० मीटर है और इसके शीर्ष से भुवनेश्वर शहर को देखना एक सुखद अनुभव है। शीर्ष पर जैन भगवान आदिश्वर (Adishwar) का मंदिर भी है। ये भी कहा जाता है कि एक समय भगवान महावीर यहाँ अपने भक्तों को संबोधित करने आए थे।


अगली सुबह हम चल पड़े यहाँ के प्रमुख मंदिरों के दर्शन को। हिंदुओं के लिए सबसे पवित्र यहाँ का लिंगराज मंदिर है और लोग कहते हैं कि जगन्नाथ पुरी जाने के पहले यहाँ पूजा अवश्य की जानी चाहिए । इसे ११ वीं शताब्दी में बनाया गया था। ये मंदिर उड़ीसा की स्थापत्य कला का अनूठा नमूना है। पूरा मंदिर चार प्रमुख इमारतों भोगमंडप (भोजन के लिए बना आहाता, Dining Hall) , नटमंडप (Dancing Hall) , जगमोहन (Audience Hall, सभागार) और देउला जहाँ भगवान शिव की अराधना की जाती है, में बँटा हुआ है। यहाँ का आठ फीट व्यास का चमकदार शिवलिंग ग्रेनाइट का बना हुआ है और पानी और दूध से उसका रोज़ स्नान होता है।

मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है और शिव दर्शन के लिए धक्का मुक्की भी करनी पड़ती है। इसलिए मेरा सुझाव ये है कि अगर आप शांति से पूजा अर्चना में विश्वास रखते हों तो फिर मुक्तेश्वर के शिव मंदिर का रुख कीजिए। धौली से करीब दो तीन किमी दूरी पर ये मंदिर अपनी सु्दरता और आस पास फैली हुई शांति से आपको सहज ही आकर्षित कर लेगा। दसवीं शताब्दी में बने इस मंदिर को स्थापत्य की दृष्टि से, हिंदू जैन और बौद्ध स्थापत्य कलाओं का संगम माना जाता है।

वैसे तो भुबनेश्वर के कई अन्य मंदिर भी विख्यात हैं पर हमें शाम के पहले तक नंदन कानन (Nandan Kanan) पहुँचना था। इसलिए लिंगराज और मुक्तेश्वर की यात्रा के बाद हम कुछ देर विश्राम कर नंदन कानन की ओर चल पड़े। क्या हम नंदन कानन के सफेद बाघ को देख पाए ये विवरण इस सफ़र के अगले भाग में....

(लिंगराज मंदिर की तसवीर सौजन्य विकीपीडिया ,बाकी चित्र मेरे कैमरे से)

बुधवार, 12 नवंबर 2008

भुवनेश्वर का जैन मंदिर और पिट्टो की याद दिलाती ये चित्र पहेली

बचपन में आपने पिट्टो तो जरूर खेला होगा। अरे क्या याद नहीं आपको वो पतले पतले पत्थर को एक दूसरे के ऊपर सजा कर रखना और थोड़ी दूरी से रबर की गेंद से निशाना साधना। अगर निशाना नहीं लगा और गेंद टप्पा खा कर लपक ली गई तो आपकी बारी खत्म। और अगर निशाना सही पड़ा तो आपकी टीम के सारे खिलाड़ी दूर दूर तक भाग खड़े होते थे। विपक्षी टीम के खिलाड़ियों को छकाने के बाद यदि अगर वापस बिना गेंद से सिकाई के आपने पत्थर की गोटियाँ सजा लीं तो हो गया पिट्टो !

खैर आप भी सोच रहे होंगे कि उड़ीसा घुमाते घुमाते आखिर आपको पिट्टो के बारे में क्यूँ बताया जा रहा है। तो जनाब नीचे का चित्र देखिए। क्या आपको ये पिट्टो की याद नहीं दिलाता ?



ये चित्र भुवनेश्वर स्थित खंडगिरि के जैन मंदिर (Jain Temple at Khandgiri) के आहाते का है। अब इतना तो पक्का है कि मुसाफ़िर इतनी ऊपर पहाड़ी पर बनें मंदिर पर आ कर पिट्टो तो नहीं खेलते होंगे ? :)

तो बताइए क्या सोचकर पर्यटक और श्रृद्धालु पत्थर और ईंट के टुकड़े को इस तरह सजाते होंगे?

सही जवाब का खुलासा अगली पोस्ट किया जाएगा। हो सकता है उससे पहले ही आप इस गुत्थी को सुलझा लें ....

रविवार, 9 नवंबर 2008

धौलागिरी, भुवनेश्वर : जो कभी युद्ध में हुए भीषण रक्तपात का साक्षी रहा था

कोणार्क (Konark) से वापस हम शाम तक भुवनेश्वर आ गए थे। अगले दो दिन भुवनेश्वर (Bhubneshwar) में रहने का कार्यक्रम था। भुवनेश्वर में अगली सुबह हम जा पहुँचे धौलागिरि (Dhaulagiri), जो कि शहर से करीब आठ किमी दूर स्थित है। धौलागिरि के शिखर पर स्थित सफेद गुम्बद नुमा शांतिस्तूप (Peace Pagoda, Dhauli) दूर से ही दिखाई पड़ता है। १९७२ में इस स्तूप को जापानियों के सहयोग से बनाया गया था। स्तूप के गुम्बद के छत्र के रूप कमल के फूल की पाँच पंखुड़ियों को रखा गया है। सीढ़ियों की शुरुआत में ही खंभों के दोनों ओर सिंहों की प्रतिमा बनाई गई है।

स्तूप की सीढ़ियों को पार कर जैसे ही आप चबूतरे पर पहुँचते हैं आपको पद्मासन में बैठे चिर ध्यान में लीन बुद्ध की प्रतिमा के दर्शन होते हैं। दूर-दूर तक पहाड़ी से दिखती हरियाली को देख मन पहले से ही पुलकित हो जाता है और भगवान बुद्ध की ये भाव भंगिमा विचारों में निर्मलता का प्रवाह खुद-ब-खुद ले आती है।

पूरी इमारत के चारों ओर दीवारों पर भगवान बुद्ध के जीवन और उस समय के परिवेश से जुड़ी कई कलाकृतियाँ हैं जिसमें कहीं बुद्ध निद्रामग्न हैं तो कहीं अपने शिष्यों से घिरे हुए....


शांति स्तूप से नीचे का नज़ारा भुवनेश्वर का मेरा सबसे यादगार दृश्य रहा। चारों ओर हरे भरे धान के लहलहाते खेत, खेतों की निरंतरता को तोड़ते वृक्ष और पास बहती दया नदी (River Daya) का किनारा.. कुल मिलाकर एक ऍसा दृश्य जिसे देख कर ही मन खिल उठे। कौन सोच सकता है कि ये वही जगह है जहाँ सम्राट अशोक ने कलिंग के साथ युद्ध (Kalinga War) में भयंकर रक्तपात मचाया था। दया नदी का तट लाशों से अटा पड़ा था जिसे देखकर पराक्रमी अशोक का हृदय परिवर्तन हो गया था।


शांति स्तूप के लिए जहाँ से चढ़ाई शुरु होती है उसके करीब सौ मीटर आगे ही वो जगह है जहाँ हाथी के अग्र भाग का शिल्प बनाया गया था। चट्टानों को काटकर बनाए गए इस शिल्प को भारत का सबसे पुराना (ईसा पूर्व तीसरी शताब्दी का ) माना जाता है। कहते हैं कि इसी जगह पर अशोक का हृदय परिवर्त्तन हुआ था। हाथी के निकलते हुए सर को प्रतीतात्मक रूप से बौद्ध धर्म का प्रादुर्भाव माना जाता है। चित्र में शिल्प के पार्श्व में दिख रहा है शांति स्तूप के साथ ही लगा शिव मंदिर (Lord Dhavaleshwar's temple) जिसका पुनर्निर्माण भी सत्तर के दशक में हुआ था।


इस शिल्प के दूसरी तरफ कुछ दूरी पर अशोक द्वारा बनाए गए शिलालेख हैं जो प्राकृत भाषा और ब्राह्मी लिपि में लिखे गए हैं। इस शिलालेख में लोगों का दिल जीतने की बात कही गई है। सारी प्रजा के लिए सम्राट अशोक ने अपने आपको पिता तुल्य माना है और लिखा है कि अपने बच्चों की खुशियाँ और परोपकार का ही मैं अभिलाषी हूँ।
ये शिलालेख एक आक्रमक राजा के शांति का अग्रदूत बन जाने की कहानी कहते हैं। आज २००० वर्ष बीतने के बाद भी, हमारे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेता भी इस महान शासक के अनुभवों से युद्ध की निर्रथकता का सबक ले सकते हैं।

जिस तरह सूर्य के रथ का पहिया कोणार्क की पहचान था उसी तरह धौली का स्तूप भुवनेश्वर की टोपोग्राफी पर राज करता है। पर अभी तो हमारी भुवनेश्वर यात्रा शुरु ही हुई है। अगले चरण में ले चलेंगे आपको भुवनेश्वर के कुछ अन्य महत्त्वपूर्ण मंदिरों और स्मारकों की सैर पर...