शुक्रवार, 14 अक्तूबर 2022

रांची के 10 शानदार दुर्गा पूजा पंडाल (Top Ten Durga Puja 2022 Pandals of Ranchi)

दुर्गा पूजा का पर्व भारत के पूर्वी प्रदेशों में खासा धूमधाम से मनाया जाता है। पश्चिम बंगाल और खासकर कोलकाता की दुर्गा पूजा और कलात्मक पंडालों का डंका तो सारे देश में बजता रहा है। पर झारखंड के राँची की दुर्गा पूजा भी पूरे उत्साह और भव्यता से मनाई जाती है। यूँ तो राँची में हर साल दुरंगा पूजा में सैकड़ों पंडाल बनते हैं पर मैं आज आपको इस साल के दस सबसे खूबसूरत पंडालों की झाँकी पर ले चलूँगा।

1. बकरी बाजार पूजा पंडाल

चैतन्य महाप्रभु का जन्म लगभग पांच सौ वर्ष पूर्व पश्चिम बंगाल के मायापुर में हुआ था जहां पर आज इस्कॉन का एक भव्य मंदिर है। इस बार का बकरी बाजार का पूजा पंडाल इसी मंदिर की संरचना से प्रेरित होकर बनाया गया है।
बकरी बाजार का पंडाल रांची के सबसे पुराने पंडालों में से एक माना जाता है। हर साल यहां बनने वाले पंडाल अपने विस्तार और भव्यता के लिए जाने जाते रहे हैं। यहां के पंडाल के बाहरी स्वरूप में रंगों का कुशल संयोजन तो होता ही है, साथ ही प्रकाश के शानदार इस्तेमाल से रात में पूरा पंडाल इस तरह जगमगाता उठता है कि देखने वाला एक ही नज़र में पूरे दृश्य का कायल हो जाता है।
पंडाल में पर्याप्त जगह होने की वजह से लोग यहां के तरह-तरह के झूलों का भी खानपान के साथ खूब आनंद उठाते हैं। अगर रांची की जनता के अंदर के उत्साह को आप महसूस करना चाहते हैं तो बकरी बाजार के आसपास की गलियों से आपको एक बार तो गुजरना ही होगा।
मैं इस पंडाल में शाम के ठीक पहले पहुंचा ताकि दिन की ढलती रोशनी और रात के अलग-अलग दृश्य को एक साथ दिखला सकूं। आकाश के बदलते रंगों के साथ इस पंडाल की छवियों को कैद करना मेरे लिए एक बेहद सुखद एहसास रहा। शायद यही सुकून इन चित्रों को देखने के बाद आपके मन में भी तारी हो

रात में जगमगाता मायापुर के मंदिर का प्रतिरूप



2. रांची रेलवे स्टेशन पूजा पंडाल

रांची के भव्य पंडालों में पिछले कुछ वर्षों में रेलवे स्टेशन का पंडाल कलात्मकता की दृष्टि से बकरी बाजार के पंडाल को पीछे छोड़ता आया है।
मां का मंडप और दीवार की आंतरिक साज-सज्जा मन को मोहती तो है पर इस बार का पंडाल अपने पिछले रूपों की तुलना में थोड़ा फीका जरूर पड़ा है। फिर भी रांची के पंडालों में इस साल भी इसका बोलबाला तो जरूर रहेगा। तो आइए मेरे साथ देखिए इस पंडाल की कुछ छवियां