Dassam Fall लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Dassam Fall लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 18 जून 2015

राँची का खूबसूरत पर सबसे खतरनाक झरना : दशम जलप्रपात Dassam Falls, Ranchi

झारखंड की राजधानी राँची को जलप्रपातों की नगरी कहा जाता है। ऐसे तो शहर से सौ किमी की दूरी के अंदर कई झरने हैं पर लोकप्रियता के हिसाब से दशम, हुँडरु और जोन्हा के जलप्रपातों का नाम सबसे पहले आता है। चूंकि ये सारे जलप्रपात बरसाती नदियों के बहाव के मार्ग पर बने हैं इसलिए इनको देखने का आनंद वर्षा ॠतु के ठीक बाद आता है।

ऊँचाई की दृष्टि से हुंडरु का जलप्रपात सबसे ऊँचा है जहाँ पानी करीब सौ मीटर की ऊँचाई से गिरता है जबकि जोन्हा और दशम में लगभग इसकी आधी ऊँचाई से। पर पानी के मौसम में अगर आप मुझसे पूछें कि इनमें सबसे सुंदर जलप्रपात कौन सा है तो मैं दस धाराओं के मिल कर बने दशम जलप्रपात का ही नाम लूँगा। तो आइए आज आपको लिए चलते हैं दशम फॉल जो राँची से करीब चालीस किमी की दूरी पर स्थित है।


दशम के जलप्रपात पर इससे पहले मैं बचपन में गया था। इसलिए जब पिछले साल अक्टूबर में यहाँ फिर जाने का कार्यक्रम बना तो गूगल बाबा का मैप बहुत काम आया। राँची से जमशेदपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर (NH 33) तीस किमी चल लेने के बाद दाहिने एक मोड़ आता है जहाँ से दशम के झरने का रास्ता अलग होता है। इस रास्ते पर हम तीन चार किमी आगे बढ़े होंगे कि एक दोराहे पर आ गए। मज़े की बात ये थी कि दोनों रास्तों पर तीर मारकर दशम फॉल जाने का चिन्ह बनाया हुआ था। हमने दोनों रास्तों में जो ज्यादा सुंदर नज़र आया उस पर बढ़ गए। अब हम गूगल मैप के हिसाब से दशम से दूर जा रहे थे।