रविवार, 14 अप्रैल 2013

मेरी जापान यात्रा : आइए चलें खूबसूरत मोज़ीको रेट्रो सिटी (Mojiko Retro City) की सैर पर...

मेरी जापान यात्रा  से जुड़ी पिछली प्रविष्टि में आपने पढ़ा कि किस तरह हमने याहता (Yahata) से मोज़ीको (Mojiko) तक जापान में किया गया ट्रेन से पहला सफ़र पूरा किया और वहाँ से समुद्र के किनारे चलने वाली पर्यटक ट्रेन से केनमोन पुल (Kanmon Bridge) के पास पहुँचे जो जापान के द्वीप होंशू को क्यूशू से जोड़ता है। वापसी का रास्ता पैदल तय करना था। केनमोन सेतु के नीचे समुद्र के किनारे किनारे एक रास्ता बना दिख रहा था। सौ मीटर चलने के बाद वो रास्ता बंद हो गया तो हम ऊपर चढ़कर पास वाली रोड पर चले आए।

ये इलाका मेराकी पार्क (Meraki Park) का इलाका था जिसका चक्कर लगाने के लिए पाँच सौ रुपये प्रति व्यक्ति का किराया लगता है। ख़ैर हम लोग अंदाज़ से उसी मार्ग पर बढ़ गए। मेराकी मंदिर को पार करने के बाद हमें वो रेलवे लाइन दिखाई दी जिस से हम वहाँ आए थे। किसी ने सुझाव दिया कि अगर उस रेलवे लाइन के साथ चला जाए तो हम रेट्रो टॉवर पहुँच जाएँगे। अब इस सुझाव पर किसी स्थानीय व्यक्ति से मशवरा लेने का तो प्रश्न ही नहीं था। अव्वल तो उस भरी दोपहरी में तेज भागती इक्का दुक्का कारों के आलावा कोई इंसान नज़र नहीं आ रहा था और आता भी तो कौन सा हम लोग उसको अपनी परेशानी का सबब समझा पाते।

हमारे समूह में कुछ लोग रेलवे पटरी को देख कर इतने उत्साहित हो गए कि कुछ ही क्षणों में वो कुलाँचे भरते उस दिशा की ओर बढ़ गए। पर वे ये भूल गए कि ये जापान है,भारत नही जहाँ साथ चलती पगडंडियों के बिना किसी रेलवे ट्रैक की कल्पना करना भी मुश्किल है। तीन चौथाई रास्ता तय करने के बाद उन्हें दिखा कि एक बंद फाटक उनकी प्रतीक्षा कर रहा है। वो समूह निराश हो कर वहीं से दूसरी ओर मुड़ गया और फिर आँखों से ओझल हो गया। 

थोड़ी देर इंतज़ार करने के बाद हमने फैसला किया कि लंबा ही सही हमें सड़क के साथ ही चलना चाहिए। शनिवार का दिन होने के बावज़ूद गर्मी की वज़ह से सड़कें भी बिल्कुल सुनसान थीं। पौन घंटे चलने के बाद भी हम मानचित्र से रास्ते का मिलान नहीं कर पा रहे थे। साथ वालों का भी पता ना था सो इस बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर कुछ पल सुस्ताने के लिए रुके। जापान में हर छोटी बड़ी दुकान के सामने ग्राहकों को आकर्षित करने के पतले लंबे पोस्टर लगे होते हैं। पतले इसलिए कि इनमें हिन्दी व अंग्रेजी की तरह बाएँ से दाएँ ना लिखकर ऊपर से नीचे की ओर लिखा होता है। चित्र में बायीं तरफ पोस्टर तो आपको दिख जाएँगे पर ग्राहक.........! जापान में हमारे विस्मय का विषय ही यही होता था कि आख़िर इतनी बड़ी बड़ी दुकानें चलती कैसे हैं.:) ?


पन्द्रह मिनट और चलने के बाद हमारी इस एक घंटे लंबी  पदयात्रा का समापन हुआ और हम मोज़ीको की उस
इकतिस मंजिला, 103 मीटर ऊँची इमारत के सामने खड़े थे जिससे मोज़ीको के प्राचीन और नए हिस्सों का शानदार दृश्य दिखाई देता है। इसका डिजाइन आर्किटेक्ट किशो कुरोकावा (Kisho Kurokawa) ने किया है।

पर समूह के पाँच लोग अभी भी नदारद थे। दस मिनट बाद एक टैक्सी से वो भी पदार्पित हुए। पता चला गर्मी से बेहाल हो कर एक बॉर में गला तर करने बैठ गए थे। सबके आते ही लिफ्ट से हम टॉवर के ऊपरी सिरे की ओर चल पड़े।

टॉवर की छत से दिखता दृश्य बेहद रमणीक था। 270 डिग्री तक के कोण से दिखते दृश्य में केनमोन सेतु से लेकर मोज़ीको रेट्रो सिटी और दूसरी ओर छोटी बड़ी पहाड़ियों के नीचे फैलता आज का मोज़ी वार्ड दृष्टिगोचर हो रहा था।



बुधवार, 10 अप्रैल 2013

मेरी जापान यात्रा : ट्रेन का वो पहला सफ़र और मोज़ीको (Mojiko)

कीटाक्यूशू शहर में आए हमें कुछ ही दिन हुए था। जून का आख़िरी हफ्ता था। जापान के इस दक्षिण पश्चिमी भूभाग में बारिश का मौसम शुरु हो चुका था। तापमान तीस से पैंतिस के बीच डोल रहा था। जैसे जैसे पहला सप्ताहांत पास आ रहा था हमारा समूह इसी उधेड़बुन में था कि आख़िर जापान दर्शन कहाँ से शुरु किया जाए? हमारी ये मुश्किल तब आसान हुई जब एक ट्रेनिंग इंसट्रक्टर (Training Instructor) ने अपनी कक्षा में आसपास की पसंदीदा जगहों में मोज़ीको का नाम लिया। दरअसल मोज़ी को (Mojiko) या जापानी में मोजी़ कू (Moji Ku) का मतलब मोज़ी का बंदरगाह है। उन्नीसवीं सदी की आख़िर (1889) में ये जापान के व्यस्ततम बंदरगाहों में एक था। पर आज इसे बंदरगाह से ज्यादा मोज़ीको रेट्रो टाउन (Mojiko Retro Town) के रूप में  जाना जाता है क्यूँकि जापानियों ने  यहाँ लगभग सौ साल पुरानी इमारतें सुरक्षित बचा रखी है और जापान के लिए ये एक बड़ी बात है। द्वितीय विश्व युद्ध की तबाही के बाद इस इलाके में गिनती की पुरानी इमारतें रह गयी हैं। 

शनिवार के दिन हमें हिदायत दी गई कि मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आज मोज़ीको सहित पूरे कीटाक्यूशू (Kitakyushu) में भारी बारिश हो सकती है। मैंने सोचा कि आख़िर ये मौसम विज्ञानी अपने भारतीय समकक्षों से अलग थोड़े ही ना होंगे। सो हो सकता है आज बारिश ना ही हो। मोज़ीको (Mojiko) जाने के लिए हमें पास के याहाता (Yahata) स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी। जापान से ट्रेन में सफ़र करने का ये पहला अनुभव था। जापानी भाषा की अभी तक मात्र एक क्लास हुई थी सो भाषा का भी लोचा था। वैसे तो सभी स्टेशनों पर अधिकांश टिकट स्वचालित मशीनों से खरीदे जाते हैं पर हमें लगा कि स्टेशन पर टिकट संग्राहक से सीधे टिकट खरीदने का विकल्प बेहतर रहेगा।


स्टेशन कार्यालय में दो युवक बैठे थे । उम्र होगी यही कोई बीस के आस पास। आठ  लोगों की विदेशी फौज़ को अपनी ओर आते देख वे थोड़ा सकपकाए। अपनी भारतीय बुद्धि का प्रयोग कर हम सामूहिक टिकट की छूट के बारे में पूछना चाहते थे। पर पाँच मिनट के परिश्रम के बाद हम उन्हें सिर्फ गन्तव्य स्थान का नाम बताने में ही सफल हो सके। वापसी में जब बिना कुछ बोले छूट मिली तो सब बड़े प्रसन्न हुए। ट्रेन के टिकटों का जब आप जापानी मूल्य देखेंगे तो आपको लगेगा कि इतनी दूरी के लिए पैदल ही चल लेते तो ही बेहतर होता। भारत में जहाँ दस रुपये का टिकट लगता होगा वो जापान में 150 येन से कम में नहीं मिलेगा।

दो मिनट के इंतज़ार के बाद हम ट्रेन के अंदर थे। भीड़ ज्यादा नहीं थी। पौन घंटे के सफ़र के बाद हम मोज़ीको पहुँच गये। ये इस लाइन का वैसे भी आखिरी स्टेशन है सो पूरी ट्रेन ही यहाँ खाली हो गई।



शनिवार, 30 मार्च 2013

रंगीलो राजस्थान मारवाड़ शासकों की पुरानी राजधानी : मण्डोर

मेहरानगढ़ व जसवंत थड़ा देखने व और उमैद भवन पैलेस से बेरंग लौटने के बाद कुछ आराम लाज़िमी था। सो कुछ घंटे निद्रा देवी की शरण में बिताए। चार बजे जब धूप मलिन होती दिखाई पड़ी तो हमारा समूह चल पड़ा जोधपुर से नौ किमी दूर स्थित मारवाड़ शासकों की पुरानी राजधानी मण्डोर (Mandore) की तरफ़। पर मण्डोर का इतिहास राठौड़् शासनकाल से कहीं अधिक प्राचीन है। पाँचवी से बारहवीं शताब्दी के बीच ये गुर्जर प्रतिहारों के विशाल साम्राज्य का हिस्सा था। कुछ समय बाद  नाडोल के चौहानों ने इस पर अपना आधिपत्य जमाया। इस दौरान दिल्ली से गुलाम वंश और तुगलक शासकों के हमले मण्डोर पर होते रहे। चौहानों से होता हुआ ये इन्द्रा पीड़िहारों और फिर उनसे दहेज में ये राठौड़ नरेश राव चूण्डा के स्वामित्व में आ गया। तबसे लेकर राव जोधा के मेहरानगढ़ को बनाने तक ये राठौड़ राजाओं की राजधानी रहा।

पर मेहरानगढ़ के बनने के बाद राठौड़ शासकों ने मण्डोर को पूरी तरह छोड़ दिया ऐसा भी नहीं है। राठौड़ शासकों के मरने पर उनकी स्मृति में छतरियाँ मण्डोर में ही बनाई जाती रहीं। आज की तारीख़ में मण्डोर में सबसे बड़ी छाप महाराणा अजित सिंह की दिखाई देती है। मण्डोर के खंडहर हो चुके किले तक पहुँचने के लिए सबसे पहले जो द्वार दिखाई देता है वो राणा का बनाया अजित पोल ही है।



जोधपुर पर सत्रह साल (1707-1724) के अपने शासनकाल में महाराणा ने मण्डोर में एक जनाना महल का निर्माण किया। राठौड़ शासनकाल में लाल बलुआ पत्थर से बनाए जाने वाले खूबसूरत झरोखों का दीदार आप इस महल में कर सकते हैं। कहा जाता है कि राजघराने की महिलाओं को गर्मी से निज़ात देने के लिए इस महल का निर्माण किया गया।

आज ये महल राजकीय संग्रहालय बन चुका है। तेज कदमों से चलते हुए जब हम शाम करीब चार पच्चीस पर इसके मुख्य द्वार पर पहुँचे, इसके कर्मचारियों द्वारा इसे बंद करनी की क़वायद पूरी हो चुकी थी। चूँकि ये संग्रहालय मुख्य द्वार से दस पन्द्रह मिनटों के पैदल रास्ते की दूरी पर है, इसलिए इसे देखने के लिए मण्डोर साढ़े तीन बजे तक पहुँचना जरूरी है। वैसे ये संग्रहालय दस से साढ़ चार तक खुला रहता है।



रविवार, 17 मार्च 2013

रंगीलो राजस्थान : राठौड़ राजाओं का समाधि स्थल जसवंत थड़ा (Jaswant Thada)

मेहरानगढ़ किले से निकलने के बाद हमारा अगला पड़ाव था जसवंत थड़ा (Jaswant Thada) यानि राजा जसवंत सिंह का समाधि स्थल। पर इससे पहले कि हम किले से बाहर निकलते, किले के प्रांगण में एक महिला कठपुतलियों को गढ़ती नज़र आई। चटक रंग के परिधानों से सजी इन कठपुतलियों को अगर ध्यान से देखेंगे तो पाएँगे कि स्त्रियों की बड़ी बड़ी आँखों और पुरुषों की लहरीदार मूँछों से सुसज्जित इन कठपुतलियों के पैर नहीं होते। राजस्थामी संस्कृति में कठपुतलियों का इतिहास हजार वर्ष पुराना बताया जाता है। कठपुतलियों के इस खेल को आरंभ करने का श्रेय राजस्थानी भट्ट समुदाय को दिया जाता है। राजपूत राजाओं ने भी इस कला को संरक्षण दिया। इसी वज़ह से लोक कथाओं , किवदंतियों के साथ साथ राजपूत राजाओं के पराक्रम की कहानियाँ भी इस खेल का हिस्सा बन गयीं। 

 

मेहरानगढ़ से निकल कर थोड़ी दूर बायीं दिशा में चलने पर ही जसवंत थड़ा का मुख्य द्वार आ जाता है।  पर यहाँ से समाधि स्थल हरे भरे पेड़ों की सघनता की वज़ह से दिखाई नहीं देता। मुख्य इमारत तक पहुँचने के पहले फिर राजस्थानी लोकगायक अतिथियों का मनोरंजन करते दिखे।  राजस्थानी संगीत का आनंद लेने के बाद जब मैं राजा सरदार सिंह द्वारा अपने पिता की स्मृति में बनाए गए इस समाधि स्थल के सामने पहुँचा तो दोपहर की धूप में नहाई  संगमरमर की इस इमारत को देख कर मन प्रसन्न हो गया। सफेद संगमरमर की चमक बारह बजे की धूप और पार्श्व के गहरे नीले आसमान के परिदृश्य में बेहद भव्य प्रतीत हो रही थी।
  

रविवार, 10 मार्च 2013

आइए डूबें झारखंड के दहकते पलाश के सौंदर्य में ! ( Palash : The flame of the forests of Jharkhand ! )

वसंत का पदार्पण वैसे तो पूरे देश में ही हो गया है पर झारखंड यानि जंगलों के इस भूखंड में इस मौसम का आगमन एक रंग विशेष से जुड़ा है और ये रंग है सिंदूरी। सच मानिए आज कल पूरा झारखंड उस फिल्मी गीत की पंक्तियों को चरितार्थ करता प्रतीत हो रहा है जिसके बोल थे..आ के तेरी बाहों में हर शाम लगे सिंदूरी। अगर जंगल की इस दहकती लाली को देखना हो तो यही वक़्त है झारखंड आने का। यकीन नहीं आता तो चलिए मेरे साथ धनबाद से राँची तक के सफ़र पर और देखिए कि कैसे झारखंड का राजकीय पुष्प अपनी लाल सिंदूरी आभा से पूरे जंगल का दृश्य अलौकिक कर दे रहा है।

कल यानि शनिवार को कार्यालय के काम से दुर्गापुर से लौट रहा था। जैसे ही बराकर से ट्रेन ने झारखंड के धनबाद में  प्रवेश किया पलाश के पेड़ों के झुंड लगातार अलग अलग रूपों में आकर मन को सम्मोहित करते रहे। पलाश के ये जंगल धनबाद, चंद्रपुरा, बोकारो, मूरी और टाटीसिलवे तक लुभाते रहे। तो आइए आपको दिखाते हैं पूरी यात्रा में अपने मोबाइल कैमरे में क़ैद किए गए कुछ मनमोहक नज़ारे..
 
गंगाघाट, झारखंड (Near Gangaghat, Jharkhand)

झारखंड में पलाश और सेमल के पेड़ों में फूल फरवरी महिने से ही आने लगते हैं। ये प्रक्रिया अप्रैल महिने तक चलती रहती है। पलाश के फूलों की विशेषता ये है कि ये सारे पत्तों के झड़ने के बाद फूलना शुरु होते हैं लिहाज़ा जब ये पूरी तरह खिलते हैं तो ऍसा लगता है कि पूरा जंगल सुर्ख लाल सिंदूरी रंग से दहक रहा है।

धनबाद, झारखंड (Near Dhanbad, Jharkhand)