पिछली पोस्ट में मैंने आपको बेल्जियम की राजधानी ब्रसल्स के आस पास के हरे भरे इलाकों के आकाशीय नज़ारे दिखाए थे। आज बारी है ब्रसल्स शहर को और करीब से देखने की। पर इससे पहले अगर इस देश के बारे में थोड़ा जान लें तो कैसा रहे ? बेल्जियम की संस्कृति और भाषा बहुत कुछ उसके पड़ोसी देशों से प्रभावित है। बेल्जियम के उत्तर में हालैंड, दक्षिण में फ्रांस और पूर्व में जर्मनी है। यही वज़ह है कि इसके उत्तरी फ्लेमिश इलाके में डच भाषा बोलने वालों का बोलवाला है तो दक्षिण में फ्रेंच बोलने वालों का। पूर्व के छोटे से हिस्से में जर्मन भाषियों की भी छोटी सी तादाद है।
| A panoramic view of outskirts of Brussels |
बेल्जियम के लगभग मध्य में पड़ने वाली राजधानी यूँ तो फ्लेमिश इलाके में
पड़ती है पर यहाँ फ्रेंच और डच दोनों भाषाएँ बोलने वाले लोग मिल जाते हैं। वैसे कुछ देर के लिए हम जब यहाँ के हवाई अड्डे पर उतरे तो अंग्रेजी में बात करने में कोई कठिनाई नहीं हुई। एशिया से अमेरिका की उड़ान भरने वाले कई विमान कंपनियाँ ईंधन फिर से भराने या अपने पॉयलटों को आराम देने के लिए एमस्टरडम के आलावा ब्रसल्स के हवाई अड्डे का भी इस्तेमाल करती हैं।
| The maroon saga... |
हवाई जहाज से ब्रसल्स शहर के कई इलाके एक ही रंग में रँगे नज़र आते हैं और ये रंग है कत्थई रंग। घर की सामने की दीवारें भलें अलग हों पर छत के ऊपर के रंग में साम्यता साफ झलकती है।
| A Church with in the densely populated area of Brussels |
वैसे जनसंख्या के घनत्व के हिसाब से भारत और बेल्जियम लगभग बराबर हैं। पर नीचे में चित्र में देखिए किस तरह घरों के फैलाव के बीच हरित इलाकों का सही अनुपात रखा गया है।


