रविवार, 18 अक्टूबर 2015

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल : भाग 2 Durga Puja Pandals of Kolkata, West Bengal : Part II

दक्षिणी कोलकाता के गरियाहाट के आस पास के पंडालों को तो हम कोलकाता में बिताई पहली शाम को ही देख चुके थे। दूसरे दिन की शुरुआत हमने जोधपुर पार्क से की। गरियाहाट और जादवपुर के बीच पड़ने वाला ये इलाका दुर्गा पूजा की दृष्टि से हर साल चर्चा में रहता है। पिछले साल यहाँ पंडाल को तो प्राचीन मंदिर की शक़्ल दी गई थी पर काग़ज़ पर माँ दुर्गा की छवि 3D प्रिंटर से निकाल पंडाल में लगाई गई थी एक अलग से अनुभव को जगाने के लिए। 

Ancient temple depicted at Jodhpur Park
दूर से दिखते खंभो और उनके बीच की कलाकृतियों को देखकर तो यही लगता था कि सचमुच हम किसी पुरातन ऐतिहासिक मंदिर के करीब आ गए हैं। माता का 3D निरूपण तो अपनी जगह था पर पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से जानकर अच्छा लगा  कि ये सारे चित्र काग़ज़ पर उतारे गए हैं।

Goddess Durga in 3D

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2015

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल : भाग 1 Durga Puja Pandals of Kolkata, West Bengal : Part I

जिस तरह गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े धूमधाम से भारत के पश्चिमी राज्यों में मनाया जाता है उसी तरह दुर्गा पूजा पूर्वी भारत में। पटना, राँची, कटक की पूजा देखने के बाद सिर्फ कोलकाता की पूजा देखने की हसरत रह गई थी मुझे। हर बार लोग वहाँ की भीड़ और उमस की बात कर मेरा उत्साह ठंडा कर दिया करते थे। पर पिछले साल अक्टूबर के महीने में उत्तर पूर्व की ओर निकलने के पहले मैंने कोलकाता में रुकने का कार्यक्रम बनाया। भीड़ से बचने के लिए पंचमी, षष्ठी व सप्तमी के दिन पंडालों के चक्कर लगाए और कुल मिलाकर मेरा अनुभव शानदार रहा। अब जबकि इस साल की दुर्गा पूजा पास आ रही है तो मैंने सोचा कि क्यूँ ना आपको कोलकाता के पूजा पंडालों की सैर करा दूँ ताकि आप ये समझ सकें कि क्यूँ होना चाहिए किसी को कोलकाता में दुर्गा पूजा के वक़्त?
 
मिट्टी के रंग में रँगी माता दुर्गा  Goddess Durga in her gray avtaar

कोलकाता में हर साल हजारों की संख्या में पंडाल बनते हैं। सारे तो आप देख नहीं सकते पर कुछ विशिष्ट पूजा पंडाल आप छोड़ भी नहीं सकते। कोलकाता जैसे महानगर में पूजा पंडालों का चक्कर लगाने का मतलब है कि एक दिन के लिए उसका कोई एक इलाका निर्धारित कर लें। मोटे तौर पर कोलकाता की पूजा के तीन मुख्य इलाके हैं उत्तरी कोलकाता, दक्षिणी कोलकाता और मध्य कोलकाता। अपने कोलकाता प्रवास के समय मैं वहाँ के बिड़ला मंदिर के पास ठहरा था तो मैंने अपनी पंडाल यात्रा दक्षिणी कोलकाता से शुरु की।

मंगलवार, 13 अक्टूबर 2015

ताज़ के आगे का आगरा Agra Beyond Taj : Uttar Pradesh Travel Writers Conclave 2015

अक्टूबर के पहले हफ्ते में उत्तर प्रदेश पर्यटन की तरफ़ से एक न्योता आया आगरा, लखनऊ और बनारस के आस पास के इलाकों में उनके साथ घूमने का। सफ़र का समापन यात्रा लेखकों के सम्मेलन से लखनऊ में होना था। सम्मेलन में भारत और विदेशों से करीब चालीस पत्रकार, ब्लॉगर और फोटोग्राफर बुलाए गए थे।

उत्तर प्रदेश मेरे माता पिता का घर रहा है। बनारस, लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद व आगरा जैसे शहरों में मैं पहले भी कई बार जा चुका हूँ।  बनारस के घाट की स्मृतियाँ तो एकदम नई थीं क्यूँकि वहाँ पिछले साल ही गया था पर आगरा गए पन्द्रह साल से ऊपर हो चुके थे। सो मैंने आगरा वाले समूह के साथ जाने की हामी भर दी।

उत्तर प्रदेश पर्यटन ने अपने इस कार्यक्रम को दि हेरिटेज आर्क (The Heritage Arc) का नाम दिया था। इस परिधि में आगरा, लखनऊ व बनारस के आस पास के वो सारे इलाके शामिल किए गए थे जहाँ पर्यटन की असीम संभावनाएँ हैं। यानि उद्देश्य ये कि इनमें से पर्यटक किसी भी जगह जाए तो उसके करीब के सारे आकर्षणों को देखते हुए ही लौटे। ज़ाहिर था उत्तर प्रदेश पर्यटन  हमें भी ताज़ के आगे का आगरा (Agra beyond Taj) दिखाने को उत्सुक था। सफ़र के ठीक पहले जब पूरे कार्यक्रम को देखा तो मन आनंदित हुए बिना नहीं रह सका। ऐतिहासिक धरोहरों, वन्य जीवन, प्रकृति, कला, संस्कृति व खान पान का ऐसा अद्भुत सम्मिश्रण बिड़ले ही किसी कार्यक्रम में देखने को मिलता है।

First ray of the Sun falling on the Taj
तीन अक्टूबर को पौ फटते ही हमारे सफ़र की शुरुआत हुई ताज दर्शन से। ताज के दरवाजे सवा छः बजे के लगभग खुलते हैं। पर जब हम वहाँ पहुँचे तो पर्यटकों की भारी संख्या सूर्योदय के समय के ताज़ के दर्शन के लिए आतुर थी। इधर सूरज की किरणों ने संगमरमर की दीवारों का पहला स्पर्श किया और उधर ढेर सारे कैमरे इस दृश्य को अपने दिल में क़ैद करने की जुगत में जुट गए। हमारे गाइड इमरान और आदिल ताज़ महल परिसर की इमारतों के शिल्प की बारीकियों के बारे में बताते रहे और उधर  तब तक   सूर्य देव  ने  सुनहरी रौशनी से पूरे ताज को अपने आगोश में ले लिया ।

The Taj in all its glory !

मंगलवार, 29 सितंबर 2015

क्या है नियाग्रा शहर में जलप्रपात के आलावा ? Attractions of Niagara apart from fall !

अगर आपको ये लग रहा हो कि नियाग्रा शहर में वहाँ के जलप्रपात और नदी के आलावा कुछ है ही नहीं तो आज मैं आप का भ्रम दूर किए देता हूँ। वास्तविकता ये है कि इस छोटे से शहर  में जलप्रपात को करीब से देखने के आलावा कई अन्य आकर्षण भी हैं जो पूरे परिवार और विशेषकर बच्चों को खासतौर पर रुचिकर लगें। वैसे भी अगर आप यहाँ रुकेंगे तो कुछ तो चाहिए ना अपनी शामों व रातों को  रोमांचक और रंगीन बनाने के लिए! हालांकि नियाग्रा की इस पाँच दिवसीय यात्रा में हमने अपने  खाली समय का ज्यादा हिस्सा  जलप्रपात और नदी के उत्तरी और दक्षिणी किनारों की सैर करने में बिताया पर साथ साथ बचे खुचे समय में यहाँ के बाकी आकर्षणों की टोह भी लेते रहे।

बचपन से हमारे यहाँ हिंदी अख़बार के साथ Times of India भी आया करता था। उन दिनों अखबार पढ़ते वक़्त मैं तो बस पहले पेज के बाद सीधे खेल पृष्ठ पर जाता था जहाँ  कार्टून भी आते थे। पर उन कार्टूनों में फैंटम के आलावा किसी और चरित्र से तारतम्य मिलाना मुश्किल होता था। अख़बार के उन्हीं पन्नों में पहली बार Ripley's Believe It or Not का जिक्र देखा। उसके बाद टीवी पर इससे जुड़ा शो भी दिखा, पर जब मुझे पता चला कि  नियाग्रा के क्लिफ्टन हिल पर इसका अपना संग्रहालय है तो सुबह की सैर में एक दिन हम इसे देखने पहुँच गए ।

Ripley's Believe It or Not  Museum, Niagara Falls
इस संग्रहालय को यहाँ बने पचास साल से अधिक हो चुके हैं । सप्ताहांत को छोड़ ये सुबह दस से रात ग्यारह बजे तक खुला रहता है। मगर इसमें प्रवेश के लिए व्यस्कों को नौ सौ रुपये की मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। वैसे तो समयाभाव की वज़ह से मैं इसमें जा नहीं पाया पर ये विचार जरूर मन में आया कि जब संग्रहालय की इमारत ही इतनी अजूबा है  तो अंदर रखे शिल्प भी  मजेदार ही होंगे।

Clock Tower, Niagara Falls
अमेरिकी परिपेक्ष्य में देखें तो आप पाएँगे कि उनकी संस्कृति में मनोरंजन के कुछ जाने पहचाने आयाम हैं जो धीरे धीरे सारे विश्व में फैल चुके हैं। 4D थियेटर , डरावने चरित्रों से भरे तथाकथित मनोरंजन गृह, बॉलिंग एलेज़, एम्यूजमेंट पार्क, स्काई व्हील, गोल्फ कोर्स समझिए दुनिया का हर बड़ा शहर इस संस्कृति को अपना चुका है या अपनाने की प्रक्रिया में है। रही कनाडा और वो भी नियाग्रा की बात तो वो तो बिल्कुल सटा ही हुआ है अमेरिका से तो उससे अछूता कैसे रह पाएगा? क्लिफ्टन हिल के आस पास के इलाक़े ऐसी ही जगहों से अटे  पड़े हैं। एक नज़र आप भी डालिये। .:)


रविवार, 20 सितंबर 2015

नियाग्रा का विशाल भँवरः जो समेटे है अपने अंदर प्रेम और त्याग की उस अमर कहानी को ! A journey from Niagara Whirlpool to Niagara on the Lake!

नियाग्रा  के पहले बहती नदी और फिर बनते जलप्रपात को तो आपने इस श्रंखला की पिछली कड़ी में तो देख लिया। आज चलिए जलप्रपात से आगे नियाग्रा नदी के मुहाने तक जहाँ ये ओंटेरियो झील से मिलती है। जिस छोटे शहर के पास ये मिलन होता है उसका नाम है नियाग्रा-आन-दि-लेक (Niagara-on-the-Lake)। पर इससे पहले कि इस तीस किमी लंबे सफ़र पर आपको ले चलूँ आपके एक सवाल का जवाब बताता चलूँ। पिछले आलेख में आपकी ओर से एक प्रश्न आया था कि आख़िर नियाग्रा नदी में इतना पानी आता कहाँ से हैं और अपनी गंगा ब्रह्मपुत्र जैसी नदियों की तरह क्या ये भी उतनी ही विशाल है? सच पूछिए तो हमारी इन नदियों से नियाग्रा नदी की तुलना हो ही नहीं सकती।  पूछिए क्यूँ?
A beautiful Cherry Blossom tree on in Niagara on the Lake

नियाग्रा नदी की लंबाई मात्र 56 किमी है और हमारी नदियों की तरह इसका उद्गम स्थल कोई पर्वत श्रंखला नहीं है। जैसा आप नीचे के मानचित्र में देख सकते हैं कि ये नदी एक झील एरी (Lake Erie) से निकलती है और दूसरी झील ओंटोरियो में आकर अपना पानी छोड़ देती है। दोनों झीलों की ऊँचाई में अंतर सौ मीटर का है और इसी ढलान की वज़ह से इस नदी में पानी जाड़ों को छोड़कर साल भर उफनता रहता है। जाड़ों में नियाग्रा के जलप्रपात से गिरता पानी जम जाता है और वो मंज़र भी देखने लायक होता है।

Trajectory of River Niagara

अपने नियाग्रा प्रवास के तीसरे दिन हम शाम को अपने मेज़बान के साथ जलप्रपात से आगे नदी के मुहाने तक के सफ़र पर निकल पड़े। रेनबो ब्रिज से आगे बढ़ने पर नदी एक जगह तेज घुमाव लेती है जिससे एक भयंकर भँवर (Whirlpool) का निर्माण होता है। ये भँवर व्यक्ति को इतनी गहराई तक ले जाता है कि इसमें फँसने के बाद निकल पाना मुश्किल है। इस भँवर के ठीक पहले एक और पुल आता है जिसे व्हर्लपूल रैपिड्स ब्रिज (Whirlpool Rapids Bridge ) का नाम दिया गया है। वहाँ के लोगों ने इन दोनों पुलों के बीच  सौ साल पहले हुई एक ऐसी घटना का जिक्र किया जिसे बताए बिना आप इस भँवर की भयावहता का अंदाजा नहीं लगा सकते। लोगों द्वारा बताई बातों और नियाग्रा के आधिकारिक जालपृष्ठों से जब इस कहानी के सारे सिरों को एक साथ जोड़ने की कोशिश की तो मन बेहद अनमना हो गया। ये कहानी सिर्फ एक हादसे की नहीं है। सच तो ये है कि इसके किरदारों ने जिस प्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग का परिचय दिया वो ना केवल मानव मात्र के प्रति गर्व का अनुभव कराता है पर साथ ही आँखों की कोरों को गीला भी  कर देता है।

ये बात सन 1912 के जाड़ों की है। जाड़ों में  नियाग्रा के आस पास के इलाकों का तापमान  शून्य से नीचे चला जाता है। नतीजन इस नदी पर बर्फ के प्राकृतिक पुल बन जाते हैं जिस पर सैलानी घूमते फिरते और मस्ती करते हैं। उस साल फरवरी के महीने में ऐसा ही एक पुल नियाग्रा नदी पर बन गया था। ये पुल पिछले कुछ दिनों से नियाग्रा नदी द्वारा लाई बर्फ से साठ से अस्सी फीट चौड़ा होकर अपने किनारों से मजबूती से जुड़ चुका था। दो हफ्तों से पर्यटकों की भारी भीड़ इस पुल पर आ जा रही थी। पर चार फरवरी का वो दिन अपने गर्भ में इस अनहोनी को छुपाए बैठा है ये किसे पता था?