दुर्गापुर मेरे लिए कोई नया शहर नहीं है। पिछले दो दशकों में यहाँ दर्जनों बार काम के सिलसिले में आना जाना हुआ है। शहर का केंद्र यहाँ का सिटी सेंटर है जिसके आस पास इस शहर के सबसे बेहतरीन होटल हैं और यही जगह हमारे रहने का अड्डा हुआ करती है। शहर के कल कारखानों के साथ जबसे यहाँ इंजीनियरिंग, मेडिकल व होटल मैंनेंजमेंट के कॉलेज खुले हैं तबसे ये इलाका काफी विकसित हुआ है।
चतुरंग और चाँद
वैसे दिल्ली से हावड़ा को जाती ग्रैंड ट्रंक रोड के किनारे बसा दुर्गापुर एक छोटा सा ही शहर है । रोड के एक ओर तो इस्पात के दो संयंत्र है तो दूसरी तरफ बेनाचिट्टी, भिरंगी, सिटी सेंटर और विधान नगर के इलाक़े हैं । इन बीस सालों में इस शांत से शहर की काया बिल्कुल बदल गयी है और आज कोलकाता की भीड़ भाड़ से दूर ये बंगाल में रहने के लिए एक वैकल्पिक शहर के रूप में उभर रहा है।
विधान नगर का एक पंडाल जहाँ बारिश की वज़ह से पसरा था सन्नाटा
कोलकाता की दुर्गा पूजा तो मैं पहले देख चुका था तो इस बार मैंने सोचा
कि क्यूँ ना पूजा की छुट्टियों में दुर्गापुर की पूजा भी देख ली जाए और साथ
ही यहाँ के विश्वप्रसिद्ध शैक्षणिक केंद्र शांतिनिकेतन के भी दर्शन कर लिए
जाएँ। नवमी के लिए जब मैं राँची से दुर्गापुर की ओर निकला तो रास्ते में
पता चला कि दुर्गापुर में तो फिलहाल भारी बारिश हो रही है।
पंडाल परिक्रमा का पहला चरण तो यहाँ आपने देख ही लिया होगा। दुर्गा पूजा पंडाल परिक्रमा के अगले चरण में आपको लिए चलते हैं राँची रेलवे स्टेशन क पंडाल में। रांची रेलवे स्टेशन का पंडाल हर साल एक नए राज्य की संस्कृति पेश करता है। पिछले साल राजस्थान के बाद इस बार बारी थी ओड़ीसा व वहाँ के जगन्नाथ मंदिर की।
ओड़ीसा की धार्मिक पहचान : बलराम, सुभद्रा और जगन्नाथ की तिकड़ी
कम ही लोगों को पता है कि उड़ीसा में आनेक ऐतिहासिक बौद्ध स्थल हैं जिनमें उदयगिरि, ललितगिरि और रत्नागिरि प्रमुख हैं। भुवनेश्वर के धौलागिरी से तो आपका परिचय होगा ही। प्राचीन वौद्ध संस्कृति से ओड़ीसा के जुड़ाव को व्यक्त करने के लिए पंडाल के सामने गौतम बुद्ध की प्रतिमा बनाई गयी थी।
उड़ीसा की बौद्ध विरासत को दर्शाती बुद्ध की प्रतिमा
पंडाल के मुख्य गलियारे में उड़ीसा के हस्तशिल्प और चित्रकला का प्रदर्शन किया गया था। मुख्य द्वार के ठीक पहले माँ दुर्गा की बालू पर एक छवि बनाई गयी थी। आपको पता ही होगा बालू पर चित्र उकेरने की कला को ओड़ीसा के नामी कलाकार सुर्दशन पटनायक ने देश विदेश में प्रसिद्धि दिलाई थी।
पंडाल का प्रवेश द्वार
मंदिर परिसर रुपी पंडाल में घुसते ही नज़र जाती है इस चमकते सिंह पर
सिंहद्वार की परिकल्पना को जीवित करता हुआ शेर मंदिर के प्रांगण के बीचो बीच बनाया गया था। एक ओर उड़िया लोगों के इष्ट देव जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा को पुरी के उनके रूप में प्रतिष्ठित किया गया था तो दूसरी ओर कोणार्क के सूर्य मंदिर के रथचक्र का प्रदर्शन था।
कोणार्क का प्रतीक : रथ चक्र और नृत्यंगनाएँ
विद्युत सज्जा ऐसी थी कि प्रकाश सिर्फ देवी और उनके सहचरों के चेहरे पर पड़ रहा था। देवी को इस रूप में देख मन में स्वतः शांति का भाव आ जा रहा था।
माँ दुर्गा का भव्य रूप और निखर आया इस खूबसूरत प्रकाश सज्जा की वज़ह से
राजस्थान मित्र मंडल का पंडाल बकरी बाजार के पास झील से सट कर बनाया जाता है। कम जगह में होने के बावजूद यहाँ कोशिश होती है कि पंडाल के निर्माण में कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन हो। इस बार यहाँ पंडाल निर्माण में चटाई का प्रमुखता से उपयोग हुआ था। दुर्गा अपने नौ रूपों में पंडाल की दीवारों पर सजी थीं।
राजस्थान मित्र मंडल के पंडाल की छत पर बेहतरीन नक्काशी
चटाई से बनाया गया यहाँ का पंडाल
मूर्ति बनाने में यहाँ मोतियों का इस्तेमाल हुआ था। रात्रि में इन पंडालों को देखने के बावजूद कुछ पंडाल रह गए जहाँ अष्टमी के दिन मैं पहुँच पाया।
काँटाटोली का पंडाल
राँची के बस अड्डे के पास ही पड़ता है यहाँ का काँटाटोली चौक। इस चौक से पुरुलिया की ओर जाने वाली सड़क पर सजता है यहाँ का पंडाल जो कि छोटा भीम और मोटू पतलू के किरदारों को प्रदर्शित करने की वज़ह से बच्चों में खासा लोकप्रिय हुआ।
कार्टून और कलाकारी का अद्भुत संगम
मोटू पतलू और छोटा भीम के किरदारों से सजी थीं यहाँ की दीवारें
बाँधगाड़ी का इलाका है राँची के नवनिर्मित खेलगाँव के पास। यहाँ बंगाल के बिष्णुपुर से आए किरदारों ने अपनी कलाकारी का कमाल दिखाया था। बिष्णुपुर के टेराकोटा मंदिरों की हाल ही में आपको यात्रा करा चका हूँ। उसी दोरान आपको वहाँ बने मिट्टी के खिलौनों और बांकुरा के घोड़ों से भी आपका परिचय कराया था। यहाँ मिट्टी के बने इन्हीं पुतलों को बाँस, जूट और भूसे से निर्मित पंडाल के साथ सजाया गया था।
बाँधगाड़ी में बिष्णुपुर के कारीगरों का कमाल देखते ही बनता था
यहाँ ऊँट की सवारी कर रहे थे मिट्टी के पुतले
बाँस, जूट और भूसे को मिलाकर बनाए गए विशाल पुतले
हाथी मेरे साथी
टेराकोटा की बनी देवी
संग्राम क्लब का ध्यान था इस बार घटती हरियाली की ओर
लकड़ी पर आकृतियाँ उकेरी गयी थीं यहाँ...
कचहरी के पास का संग्राम क्लब प्रकृति को नष्ट करने पर तुले मानवों को गिरते पेड़ों की व्यथा कथा सुना रहा था। पेड़ों पर मुँह की आकृति इतने बेहतरीन तरीके से बनी थी मानों पेड़ सचमुच रो रहे हों और अपनी मदद के लिए इंसानों को पुकार रहे हों।
जो कटते पेड़ों की व्यथा को प्रकट कर रही थीं।
तो ये थी इस साल राँची के दुर्गा पूजा पंडालों की सैर। पर मेरी पंडाल परिक्रमा अभी पूरी नहीं हुई है। अष्टमी की रात मैं राँची से दुर्गापुर पहुँच चुका था बंगाल की पूजा का स्वाद चखने। इस श्रंखला की अगली कड़ी में मेरा साथ करिएगा दुर्गापुर के पूजा पंडालों की परिक्रमा...
अगर आपको मेरे साथ सफ़र करना पसंद है तो फेसबुक पर मुसाफ़िर हूँ यारों के ब्लॉग पेज पर अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराना ना भूलें। मेरे यात्रा वृत्तांतों से जुड़े स्थानों से संबंधित जानकारी या सवाल आप वहाँ रख सकते हैं।
दुर्गा पूजा पंडाल परिक्रमा Top Durga Puja pandals of 2017
दुर्गा पूजा हर साल आती है धूमधाम के साथ मनाई जाती है और फिर माँ को विदा भी करना होता है। बचपन में पटना की पूजा देखी। स्टेशन से लेकर गाँधी मैदान, नाला रोड और फिर पैदल चलते चलते अशोक राजपथ तक का पाँच छः किमी सफ़र कैसे तय हो जाता पता ही नहीं चलता था। उस धूम धाम में माँ के दर्शन के बाद किसी संगीत की महफिल मैं बैठने का आनंद ही कुछ और हुआ करता था।
फिर नौकरी व पढ़ाई के लिए फरीदाबाद व रुड़की का रुख किया तो कुछ सालों तक पता ही नहीं चला की दुर्गा पूजा कब आई और कब गयी । पर देखिए तक़दीर ने फिर राँची भेज दिया और जब यहाँ की पूजा देखी तो समझ आया कि झारखंड, बंगाली संस्कृति से बिहार कीअपेक्षा ज़्यादा जुड़ा हुआ है। विगत कुछ सालों से राँची के आलावा कोलकाता की दुर्गा पूजा देखने का अवसर मिला है और इस इलाके में पंडाल और मूर्ति बनाने की जो अद्भुत कला है उसने हर साल कुछ नया दिखाकर चमत्कृत ही किया है। यही वज़ह है कि जैसे ही पूजा आती है हमारी रातें अपने शहर की सड़कों पर गुजरती हैं। एक बार पंडाल परिक्रमा पर निकल जाएँ तो इस इलाके के सभी शहर आधी रात से लेकर पौ फटने तक आपको जागते हुए मिलेंगे।
तो चलिए इस साल की पंडाल परिक्रमा शुरु करते हैं राँची के पंडालों से और इसका समापन करेंगे पश्चिम बंगाल के शहर दुर्गापुर में।
OCC Club में माँ दुर्गा की प्रतिमा
राँची में बड़ा तालाब के पास स्थित OCC Club यानि बांग्ला स्कूल का पंडाल इस साल के अनूठे पंडालों में से एक था। पंडाल बनाने में बड़े अजीबोगरीब किस्म के सामान का प्रयोग किया गया था। अब बताइए होज़ पाइप, चलनी, टोकरी और शहनाई सरीखे वाद्य यंत्र को मिलाकर एक दूसरे ग्रह से आए प्राणियों की काया तैयार कर दी जाए तो कैसा रहे? बस ऐसा ही कुछ माहौल था इस पंडाल में।
माँ दुर्गा का स्वागत बाजे गाजे के साथ
वाह !क्या ठुमका लगा रिया है...
मानव आकृतियाँ बनाने में होज़ पाइप का अद्भुत इस्तेमाल
पिछले महीने आपको अपने ब्लॉग पर मैंने पेरिस की यात्रा करवाई और वहाँ से निकलते वक़्त मैंने लिखा था कि अब आपकी मुलाकात कराऊँगा यूरोप के एक ऐसे देश से जो निहायत ही खूबसूरत है। ये देश है स्विट्ज़रलैंड का। 40000 वर्ग किमी से कुछ ही ज्यादा ही इस देश का क्षेत्रफल, पर इसके ज़र्रे ज़र्रे में खूबसूरती बिखरी पड़ी है। कहने का मतलब ये कि ये एक ऐसा देश है जहाँ आँखों को तृप्त करने के लिए बिना किसी मंजिल के निकल पड़ना ही काफ़ी है ।
पेरिस से स्विट्ज़रलैंड की सीमा करीब 600 किमी की दूरी पर है। पेरिस के खेत खलिहानों और मैदानों से उलट स्विट्ज़रलैंड में घुसते ही पहाड़ियों, झीलों, चारागाहों और उनमें बसे छोटे छोटे गाँव का जो सिलसिला शुरु होता है वो थमने का नाम नहीं लेता। आठ घंटों की इस सड़क यात्रा में चलते चलते जो नज़ारे बस की खिड़की से दिखे उनमें से कुछ को क़ैद कर आपके सामने लाने की कोशिश है मेरी ये पोस्ट..
फ्रांस स्विट्ज़रलैंड की सीमा पर एक प्राचीन महल
गोरी तेरा गाँव प्यारा मैं तो गया मारा आ के यहाँ रे..
जुते और बोए हुए खेतों के बीच से निकलती सड़क मन को हर गयी
बरसों पहले किसी स्थानीय मित्र ने एक ऐसे जलप्रपात के बारे में बताया था जिसकी आवाज़ घने जंगलों के बीच से कई किमी पहले से सुनी जा सकती है। पलामू जिला तब नक्सलियों का गढ़ माना जाता था। सड़कों का जाल भी झारखंड में तब इतना विस्तृत नहीं हुआ था। इसलिए वहाँ जाने का विचार मन में तब बैठ नहीं पाया था। बात आई गयी हो गयी और उस अनजान इलाके का रहस्य मेरे लिए रहस्य ही बना रहा।
बहुत दिनों बाद मैं उस झरने का नाम जान सका। साथ ये भी कि जंगलों के भीतर स्थित लोध जलप्रपात झारखंड का सबसे ऊँचा जलप्रपात है। झारखंड में यूँ तो कई जलप्रपात हैं पर इनमें से ज्यादातर राँची के आस पास ही हैं। हुँडरु, दशम, जोन्हा, सीता और हिरणी राँची से साठ किमी की त्रिज्या के अंदर ही आते हैं। पर उस वक़्त क्या आज भी राँची से दौ सौ किमी दूर स्थित ये निर्झर झारखंड और खासकर राँची के लोगों के लिए इक अबूझ पहेली ही है क्यूँकि उस इलाके के साथ नक्सली गतिविधियों का जो पुराना इतिहास रहा है वो अभी मिट नहीं सका है। हालत ये है कि आज भी नेतरहाट और उसके आस पास के इलाकों में जितने लोग पहुँचते हैं उनमें अधिकांश बंगाल से होते हैं।
मस्ती का है ये समा : लोध जलप्रपात
साल दर साल टलते टलते आख़िरकार नेतरहाट का कार्यक्रम बना तो मैंने निश्चय
कर लिया कि चाहे मौसम जैसा रहे नेतरहाट के साथ साथ इस झरने के अट्टाहस को इस बार सुन कर आना
है। राँची से नेतरहाट की अपनी यात्रा और वहाँ के प्रवास के बारे में
तों मैं आपको पहले ही बता चुका हूँ। सुबह की बारिश का आनंद लेने के बाद करीब दस बजे जब हम नेतरहाट से निकले तो पहला झटका
हमारे होटल प्रबंधक ने दिया। उसने कहा कि बारिश के मौसम में आपकी गाड़ी
महुआडांड़ तक ही जा पाएगी। वहाँ से लोध तक का रास्ता सही नहीं है क्यूँकि
अभी तक सड़क ठीक से बनी नहीं है। इसलिए आप वहाँ से सूमो या महिंद्रा जैसी
गाड़ी ले लीजिएगा। इस सूचना के लिए हम मानसिक रूप से तैयार नहीं थे। फिर भी
निर्णय लिया गया कि पहले महुआडांड़ तो पहुँचा जाए फिर वहाँ लोगों से पूछ कर
आगे का सफ़र तय किया जाएगा।
पर मन में जो चिंताएँ तैर रही थीं वो बाहर निखर आई धूप और खूबसूरत रास्ते की वज़ह से जाती रहीं। नेतरहाट से महुआडांड़ की दूरी चालीस किमी से थोड़ी ज्यादा होगी। सफ़र का पहला
हिस्सा नेतरहाट के जंगलों के बीच से गुजरता है और फिर अचानक से घने जंगल
साथ छोड़ देते हैं और दिखती हैं मानसूनी हरी भरी वादियाँ। कहीं चारागाह तो
कहीं धान और मक्के के खेत, रास्ते में छोटे छोटे गाँव और उनसे निकलती सड़कों
पर साइकिल या फिर पैदल चलते लोग।
समा..समा है सुहाना अकेले तुम हो अकेले हम हैं
ऐसी ही इक प्यारी सी जगह पर सड़क के किनारे हमने अपनी गाड़ी खड़ी की और प्रकृति के इस अद्भुत मंज़र को कुछ देर तक अपलक निहारते रहे । दूर दूर तक ना कोई गाड़ी आ जा रही थी और ना ही लोग। ऐसे लग रहा था मानो धरा के इस सुंदर से टुकड़े की मिल्कियत अपनी हो। ये एक विरोधाभास ही है कि इतने खूबसूरत अंचल को झारखंड के सबसे गरीब इलाकों में गिना जाता है।
सुहाना सफ़र और ये मौसम हसीं, हमें डर है हम खो ना जाए कहीं
अगर इस इलाके का इतिहास को खँगालें तो पाएँगे कि पलामू जिले पर खारवार जनजाति और गुमला जिले पर मुंडा राजा का वर्चस्व था। इसके आलावा उराँव, बिरहोर और असुर जनजाति के लोग भी यहाँ निवास करते थे। मुगल से ले के अंग्रेजों के ज़माने तक आम किसान यहाँ के जमींदारों और महाजनों की वसूली से त्रस्त रहे।
वैसे तो इस इलाके से शंख और उत्तरी कोयल नदी बहती हैं पर गर्मी के दिनों में ये लगभग सूख जाती हैं। आज भी यहाँ की मिट्टी बहुत उपजाऊ ना होने और सिंचाई के लिए मानसून पर निर्भर रहने की वज़ह से यहाँ के बाशिंदों का खेती से गुजारा चला पाना मुश्किल है। इसलिए यहाँ के लोग जंगल के उत्पादों और मुर्गी, बकरी और सूअर पालन कर अपनी ज़िंदगी बसर करते हैं।
महुआडांड़ लोध मार्ग
महुआडांड़ के कस्बे के आस पास पहली बार आबादी दिखनी शुरु हुई। हम चौराहे के किनारे रुके और लोगों से लोध के रास्ते का हाल पूछना शुरु किया। लोगों ने कहा कि वहाँ तक कच्ची पक्की सी सड़क तो है पर इस गाड़ी में वहाँ जाने में थोड़ा ख़तरा तो है। मन में शंका का बीज पड़ चुका था तो फिर आगे का सफ़र वहाँ खड़ी महिंद्रा से पूरा किया गया। अंतिम बीस किमी की इस यात्रा में आने जाने का खर्चा रास्ते के हिसाब से सात आठ सौ से ज्यादा नहीं होने चाहिए था पर हमारी बात हजार रुपये में बन पाई। लोध से लौटने पर लगा कि हमारा गाड़ी करने का निर्णय सही ही था।
महुआडांड़ लोध मार्ग
हमारी गाड़ी में मुस्लिम चालक ने हमसे पूछ कर अपने एक रिश्तेदार को भी बैठा
लिया। उनसे रास्ते भर बात होती रही। पता चला कि वो आलू के व्यापारी हैं और
महुआडांड़ से खरीद कर आलू वो पलामू जिले के मुख्यालय डाल्टेनगंज में बेचते हैं। जब
मैंने मकई के खेतों के बारे में उनसे सवाल किया तो उन्होंने बताया कि पहले
मकई की रोटी यहाँ के आहार का हिस्सा होती थी पर अब उसका इस्तेमाल मवेशियों
के चारे में ज्यादा होता है।
महुआडांड़ लोध मार्ग
बहरहाल अब आगे का रास्ता ऐसा था कि मेरी उन सज्जन से बातचीत एकदम से बंद हो गई। कहीं तो अचानक से ढलान आ जाती थी तो कहीं कीचड़ से सनी सड़क को काटते हुए गुजरना पड़ता था । अब मानसून का मौसम था तो छोटी मोटी नदी ने भी अपने जौहर दिखाने शुरु कर दिए थे।
जब नदी सड़क ही लील जाए
नदी के ऊपर बनी पुलिया पानी के थपेड़ों से लहुलुहान पड़ी थी। लिहाजा गाड़ी
पानी में भी उतारनी पड़ी। नदी पार करते हम गहरे जंगल में घुसने लगे और वहीं
से गिरते पानी की झंकार सुनाई देने लगी। अब सड़क के नाम पर छोटे बड़े पत्थर
ही बचे थे। कुछ ही पलों में हम उस जगह पर थे जहाँ से अगले सौ मीटर की दूरी
पैदल तय करनी थी।
लो अब तो झरने की आवाज़ भी आने लगी
इससे पहले हम अपनी चढ़ाई शुरु करते पहाड़ के ऊपर से गिरते झरने का पहला दृश्य हमें रोमांचित कर गया। लोध जलप्रपात छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर स्थित है। छत्तीसगढ़ की ओर से घने जंगलों के बीच से आने वाली बूढ़ा नदी के नीचे गिरने से इस प्रपात का निर्माण होता है। पहाड़ के ऊपर से पानी नीचे आते वक्त तीन मुख्य धाराओं में विभक्त हो जाता है। दो धाराएँ तो बाद में मिल भी जाती हैं जबकी तीसरी कुछ दूर जाकर गिरती है।
झारखंड का सबसे ऊँचा जलप्रपात लोध
143 मीटर ऊँचा ये झरना कई चरणों में नीचे गिरता है। बूढ़ा नदी से उत्पन्न होने के कारण इसे बूढ़ा घाघ जलप्रपात के नाम से भी जाना जाता है।
तीन मुख्य धाराओं में बँटकर गिरता है ये जलप्रपात
दोपहर की धूप तीखी थी पर झरने के ठीक सामने बैठने से जो फुहारें चेहरे पर पड़ रही थीं वो तन मन शीतल कर दे रही थीं। कुछ देर हम यूं ही आनंदित होते रहे।
एक बार आप झरने के सामने आ गए तो ऊपर जाने का कोई अलग से रास्ता नहीं है।
मतलब ये कि अगर लोध के मुख की ओर जाना चाहें तो आपको चट्टानों पर चढ़ने लाएक
मजबूत घुटने और जूतों में अच्छी पकड़ होनी जरूरी है।
लोध की एक धारा
पहली बाधा पार करने में तो मुझे कोई कठिनाई नहीं हुई पर झरने की दूसरी
मंजिल से तीसरी मंजिल चढ़ने में पसीने छूट गए। बरसात की फिसलन का ध्यान रखते
हुए मैंने और ऊपर जाने का जोख़िम नहीं लिया। मेरे मित्र थोड़ा और ऊपर जा
सके पर आगे का मार्ग और दुर्गम निकला सो वो भी कुछ देर में नीचे लौट आए।
ऍसी वादियों में बिछने का मन क्यूँ ना करे?
पानी की धारा को पकड़ने की हमारी कोशिश में हम पसीने से तरबतर हो चुके थे और
मुँह अलग से लाल हो चुका था। अब इस अवस्था से निज़ात पाने का आसान सा तरीका
था पानी में डुबकी लगाना। फिर क्या थासही जगह देख के झरने के निर्मल शीतल जल में हम
बारी बारी से कूद पड़े।
लोध में छप छपा छईं..
पानी के स्पर्श से पूरे शरीर को जो ठंडक और सुकून मिला उसे हमारे चेहरे की खुशी ही बयाँ कर सकती है। दो घंटे की मस्ती के बाद हम वापस महुआडांड़ पहुँचे। शाम के समय हम वापसी की राह नेतरहाट की घुमावदार घाटी से तय नहीं करना चाहते थे। वहाँ लोगों ने हमें डुमरी के रास्ते से लौटने को कहा। ये रास्ता और भी सुनसान पर बेहद खूबसूरत था और डुमरी, चैनपुर होते हुए मुख्य राजमार्ग से जा मिलता था।
राँची - घाघरा -नेतरहाट - लोध - डुमरी - गुमला - राँची : ये था हमारा रास्ता !
पन्द्रह
अगस्त की उस शाम को इलाके के हर छोटे बड़े गाँव में जश्न का माहौल था। हर
जगह इस दिन फुटबाल की प्रतिस्पर्धा का आयोजन था। लड़के और लड़कियाँ बढ़ चढ़ कर
इस आयोजन में हिस्सा ले रहे थे । मैदान के चारों ओर आम जनता मेले की भांति
भीड़ में खड़ी दिखी। हँसी तो तब आई जब मैंने प्रतियोगिता के दौरान होती
उद्घोषणा में इनाम की बात सुनी। तो बताइए क्या इनाम रखा था सरकार ने.. बोले तो आयोजकों ने 😄? जीतने वालों को दो खसी और हारने वाले को एक। हाँ जो इस
इलाके की भाषा से परिचित ना हों उन्हें बता दूँ कि खसी का अर्थ बकरा होता
है।
आजादी का जश्न
हमें बाद में पता चला कि ये इलाका भी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शुमार होता है और इधर से शहरी आदिवासी तक गुजरने से कतराते हैं। मुझे ये जानने के बाद अग्रेजी की वो कहावत याद आ गयी कि Ignorance is a bliss. अगर हमे ये पता होता कि ये रास्ता इतना ख़तरनाक है तो हम इसकी ओर रुख ही नहीं करते और झारखंड की ग्रामीण संस्कृति को पास से देखने का सुनहरा मौका खो देते। बहरहाल जहाँ रास्तों में इक्का दुक्का बस और आटो के आलावा निजी वाहन ना चलते हों वहाँ हमारी नेक्सा थोड़े कौतूहल का विषय तो थी। लिहाजा तीन बार हमारी गाड़ी को रोका गया। पहली बार इन बच्चों के द्वारा जो ना जाने कहाँ से सामने आ गए और हमारी गाड़ी को घेर पूरी लय में गाजे बाजे के साथ गाने लगे। ना उन्होंने रास्ता दिया ना कुछ माँगा। ख़ैर दस रुपये का नोट उन्हें हटाने में सफल रहा। इस घटना की एक बार पुनरावृति और हुई पर पीछे का अनुभव काम आया।
ये डगर स्मृतियों में हमेशा रहेगी
रात साढ़े आठ बजे तक वापस राँची पहुंच चुके थे।कुल मिलाकर झारखंड के अंदरुनी इलाकों की हमारी ये यात्रा बेहद आनंददायक और
रोमांचकारी साबित हुई। तो चलते चलते आपको लोध का उस जगह से लिया अपना वीडियो दिखा दूँ जहाँ से मुझे इसकी पहली झलक मिली थी।
अगर आपको मेरे साथ सफ़र करना पसंद है तो फेसबुक पर मुसाफ़िर हूँ यारों के ब्लॉग पेज पर अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराना ना भूलें। मेरे यात्रा वृत्तांतों से जुड़े स्थानों से संबंधित जानकारी या सवाल आप वहाँ रख सकते हैं।