देश की राजधानी में विगत कुछ सालों से आना जाना होता रहा है। इन यात्राओं में जब भी वक़्त मिला है दिल्ली की ऍतिहासिक इमारतों के दर्शन करने का मैंने कोई मौका छोड़ा नहीं है। मुझे याद है कि जब मुझे पिताजी पहली बार 1982 में दिल्ली ले गए थे तो सबसे पहले मैंने कुतुब मीनार को देखने की इच्छा ज़ाहिर की थी। दुर्भाग्यवश उसके ठीक एक साल पूर्व ही कुतुब मीनार में हुई त्रासदी की वज़ह से इस पर चढ़ने की मनाही हो गई थी जो आज तक क़ायम है। तबसे से आज तक कुतुब मीनार को करीब से तीन बार देखने का मौका मिला है।
पिछली बार अक्टूबर महीने में दिल्ली जाना हुआ। जाड़ा पड़ना अभी शुरु नहीं हुआ था। ऐसे ही एक चमकते दिन को मैं यहाँ पहुँचा। गेट से टिकटें ली और चल पड़ा 72.5 मीटर ऊँची कुतुब मीनार की ओर। आडियो गाइड के आलावा भारतीय पुरातत्व विभाग ने यहाँ पत्थरों से बने साइन बोर्डों पर इतनी जानकारी मुहैया कराई है कि आपको अलग से गाइड लेने की कोई खास आवश्यकता नहीं है।
कुतुब मीनार (Qutub Minar)
स्कूल में ये प्रश्न शिक्षकों का बड़ा प्रिय हुआ करता था कि कुतुब मीनार का निर्माण किसने करवाया था ? अब नाम ही कुतुब है तो ये श्रेय कुतुबुद्दीन ऐबक के आलावा किसको दिया जा सकता था सो अधिकांश लड़के वही लिखते। अब इस बात को कौन याद रखता कि जनाब कुतुबुद्दीन पहली मंजिल के निर्माण के बाद ही अल्लाह मियाँ को प्यारे हो गए और बाकी की तीन मंजिलें उनके दामाद इल्तुतमिश ने पूरी करवायीं।
फिरोजशाह तुगलक के शासन काल में ऊपर की मंजिल को नुकसान पहुँचने पर उसकी
जगह दो मंजिलें बनायी गयीं। इन मंजिलों में बलुआ पत्थर की जगह संगमरमर का
इस्तेमाल हुआ। इसीलिए मीनार का ये हिस्सा आज भी सफेद दिखता है। आज जहाँ कुतुब मीनार और कुव्वतुल इसलाम मस्जिद है उसी के पास एक समय चौहान राजाओं का किला राय पिथौरा हुआ करता था। कुतुबुद्दीन ऐबक ने इलाके में स्थित 27 हिंदू और जैन मंदिरों को तहस नहस कर उन्हीं पत्थरों का इस्तेमाल करते हुए 1192 ई में यहाँ इस मस्जिद का निर्माण कराना शुरु किया। सात साल बाद बतौर विजय स्तंभ मस्जिद के आहाते में ही इस मीनार का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ।
कुतुब मीनार की पहली मंजिल की बालकोनी
(1981 की दुर्घटना इसी बॉलकोनी के नीचे भगदड़ मचने से हुई थी)