रविवार, 30 मई 2010

चित्र पहेली 14 : क्या आपने देखी है हरे - हरे गोलाकार घेरों से भरी ऐसी झील ?

जब मैंने आपके सामने केरल यात्रा का विवरण पेश किया था तो थेक्कड़ी के बारे में लिखते हुए पेरियार झील का भी उल्लेख किया था। पेरियार झील में नौका विहार करते हुए सबसे अचंभित करते हैं, झील के बीचों बीच निकले पेड़ों के निर्जीव तने जो पेरियार को उसकी पहचान देते हैं। ऐसा ही कुछ दृश्य अरुणाचल की माधुरी झील में भी दिखता है। पर जहाँ पेरियार में बाँध बनने से हुए जलमग्न जंगलों की वजह से ऐसा दृश्य उपस्थित हुआ वहीं माधुरी झील में यह स्थिति कालांतर में हुए भूकंप व भू स्खलन की वज़ह से हुई। पर आज की चित्र पहेली जिस झील के बारे में है उसका स्वरूप इन दोनों झीलों से सर्वथा भिन्न है।

अब आप इस चित्र को गौर से देखिए। पार्श्व की पहाड़ी के चारों ओर फैली झील में हरे रंग के इन गोलाकार घेरों को देख कर आप जरूर विस्मित हुए होंगे। मैं भी हुआ था और इसी वजह से इस झील को मैंने आज की चित्र पहेली के लिए चुना।


आपको बताना है कि इस झील का नाम क्या है और इन गोल घेरों का रहस्य क्या है?

अगली पोस्ट में आपके जवाबों के साथ आपको बताऊँगा इस झील के बारे में। तब तक हमेशा की तरह आपके जवाब माडरेशन में रखे जाएँगे...

गुरुवार, 20 मई 2010

सारनाथ यात्राः क्या कहता है इतिहास यहाँ के धमेख व धर्मराजिका स्तूपों के बारे में ?

अब तक की वाराणसी यात्रा में जिक्र हो चुका है बनारस के कुछ मंदिरों का व सारनाथ के नए मूलगंध कुटि विहार और उससे सटे बोधिवृक्ष का। जैसा कि मैंने बताया था कि ये जगहें बहुत बाद में अस्तित्व में आयीं। फिर सारनाथ की ऐतिहासिक धरोहरें कौन सी है? आज की तारीख में सारनाथ पहुँचते ही जो सबसे बड़ी ऐतिहासिक इमारत दिखाई देती है वो है धमेख स्तूप (Dhamek Stupa)। यूँ तो मूलगंध कुटि विहार की बगल में उत्तर दिशा की ओर ये स्तूप अवस्थित है पर दोनों परिसरों की अलग अलग घेराबंदी की वज़ह से आपको स्तूप तक पहुँचने के लिए मूलगंध कुटि विहार से बाहर निकलना पड़ता है।

कुटिविहार के आगे बढ़ते ही सड़क पर स्तूप की दिशा में उठती सीढ़ियां दिखाई देती हैं। हम गलती से उस ओर चल पड़े। ऊपर चढ़ने पर पता चला कि स्तूप के ठीक बगल में बना ये परिसर एक जैन मंदिर है जो ग्याहरवें जैन तीर्थंकर श्रेयसनाथ को समर्पित हैं। इस परिसर के ठीक आगे से धमेख स्तूप का रास्ता है। उस रास्ते पर थोड़ा आगे बढ़ने पर इसी मंदिर का पिछला हिस्सा दिखता है। दो विशाल हरे पेड़ों के बीच पीले रंग से रँगा मंदिर अनूठा दृश्य उपस्थित करता है।



रास्ते की बाँयी तरफ एक विशाल क्षेत्र में ऐतिहासिक बौद्ध इमारतों के भग्नावशेष बिखरे पड़े हैं। नीचे चित्र को अगर ध्यान से देखेंगे तो पाएँगे कि इस पूरे इलाके में धमेख स्तूप के आलावा अशोक स्तंभ, धर्मराजिका स्तूप के अवशेष, बौद्ध विहार और भिक्षुओं के ध्यान करने की जगहें बनी हैं। मेंने उड़ीसा में हाल में कई बौद्ध धार्मिक स्थलों को देखा है। ध्यान करने के लिए बनाए गए जमीन से थोड़े उठे ईंट के इन गोलाकार या आयताकार चबूतरों की रूप रेखा करीब एक सी है। जिने बौद्ध इतिहास में रुचि हो उन्हें इस क्षेत्र का भ्रमण करते वक़्त एक गाइड अवश्य रखना चाहिए।



सारनाथ में फिलहाल धर्मराजिका स्तूप (Dharmarajika Stupa) की अब सिर्फ नींव ही दिखती है। इस स्तूप के इन हालातों की भी एक दुखद कथा है। कहते हैं सम्राट अशोक ने अपने ज़माने से पहले बने बौद्ध स्तूपों को खुलवाकर बौद्ध धर्मग्रंथों को एकत्रित किया था और फिर अपने द्वारा विश्व के कई भागों में बनाए हजारों स्तूपों में बाँट दिया था। धर्मराजिका स्तूप भी उनमें से एक था। शुरुआत में इस स्तूप का व्यास 13.49 मीटर था । कालांतर में छः बार इसके स्वरूप में परिवर्तन किए गए जिसमें इसके चारों ओर का परिक्रमा पथ और चारों दिशाओं से इसकी छत पर ले जाने वाली सीढ़ियाँ प्रमुख थीं। पर 1794 में जब बनारस पर राजा चेत सिंह का शासन चल रहा था, उनके एक दीवान जगतसिंह ने इस इमारत में लगी ईंटों के निर्माण सामाग्री के रूप में इस्तेमाल करने के लिए, इस स्तूप को तुड़वा दिया। टूटे स्तूप के अंदर से पत्थर के बक्से में हरे रंग के संगमरमर पर खुदे बौद्ध अभिलेख मिले। दुर्भाग्यवश संगमरमर के उस टुकड़े को गंगा में प्रवाहित कर दिया गया। आज भी पत्थर का वो बक्सा कलकत्ता के राष्ट्रीय संग्रहालय में सुरक्षित है।



धर्मराजिका स्तूप के भग्नावशेषों से जैसे ही हम धमेख स्तूप की ओर बढ़े, पूरा वातावरण शांत और भक्तिमय हो गया। देश विदेश से आए श्रद्धालु अलग अलग तरीकों से भगवान बुद्ध के ध्यान में जुटे थे।

कुछ तो एकांत में शांति से भगवान को याद कर रहे थे तो कुछ हाथों में फूल लिए बौद्ध भिक्षुओं के धर्मपाठ की पुनरावृति कर रहे थे।


ये सब देखते देखते हम धमेख स्तूप के बिल्कुल करीब पहुँच गए। धमेख इसका आधुनिक नाम है। प्राचीन काल में इसी स्थान विशेष पर गौतम बुद्ध द्वारा उपदेश दिए जाने की वज़ह से इस स्तूप का नाम धर्म चक्र स्तूप पड़ गया। ये स्तूप देखने में काफी विशाल है। इसका व्यास 28.5 मीटर और ऊँचाई 33.35 मीटर है और अगर इसमें जमीन के नीचे तक गए इसके आधार का हिस्सा जोड़ दें तो इसकी ऊँचाई 42.6 मीटर हो जाती है। लगभग ग्यारह मीटर ऊँचाई तक तो इसकी बाहरी दीवार पत्थर की बनी प्रतीत होती है पर उसके ऊपर का हिस्सा ईंटों की बेलनाकार संरचना के रूप में ऊपर उठता दिखाई देता है। नीचे थोड़ी थोड़ी दूर पर जो चौखटनुमा खाने दिख रहे हैं, वहाँ कभी बुद्ध की प्रतिमाएँ रही होंगी ऐसा इतिहासकारों का अनुमान है। वैसे भी ये पूरा इलाका तुर्की मुस्लिम शासकों के आक्रमण का दंश झेल चुका है। अशोक स्तंभ भी ऐसे ही एक आक्रमण में तोड़ डाला गया और अब उसका शीर्ष पास में ही बने संग्रहालय की शोभा बढ़ा रहा है।


इतना तो तय है कि हमारे शासक अपने इतिहास को संरक्षित रखने में जितने उदासीन रहे, उससे ठीक उलट हम पर शासन करने वाले अँग्रेजों ने हमारा इतिहास जानने में खासी दिलचस्पी ली। सारनाथ का धमेख स्तूप इसका जीता जागता उदहारण है। अंग्रेज इतिहासकार अलेक्जेंडर कनिंघम ने इस स्तूप के अंदर रखे गए अभिलेखों के बारे में जानने के लिए शिखर के मध्य से लम्बवत खुदाई करवाई। मात्र 91.4 सेमी नीचे ही उन्हें ब्राह्मी लिपि में लिखा सातवीं सदी का अभिलेख मिला जिस पर लिखा था 'ये धम्मा हेतु प्रभावा हेतु'। इसके भी काफी नीचे मौर्य कालीन अभिलेख मिले। अभी ये स्तूप जिस स्वरूप में है उसके शिल्प से लगता है कि इसे गुप्तकाल में बनाया गया होगा।

स्तूप का गोलाकार चक्कर लेते समय कुछ लोगों को मैंने जलती मोमबत्तियों को कपड़े में बाँध कर स्तूप के ग्यारह मीटर से ऊपर के ईंट से बने हिस्से में फेंकता पाया। शायद बौद्ध या स्थानीय मान्यताओं में ऍसा करना शुभ माना जाता हो।

धमेख स्तूप का दर्शन करने के बाद हम यहाँ के संग्रहालय की ओर बढ़े। अब सारनाथ आकर अपने राष्ट्रीय चिन्ह अशोक स्तंभ के शीर्ष को कौन पास से देखना नहीं चाहेगा? बलुआ पत्थर से बना ये शीर्षक संग्रहालय में प्रवेश करते ही दिख जाता है। पूरा संग्रहालय कई दीर्घाओं में बँटा है। हर दीर्घा में क्या है, इसकी जानकारी आप टचस्क्रीन कंप्यूटर से जान सकते हैं। बुद्ध की एक सुंदर मूर्ति के समक्ष जब पीछे से बुद्धम् शरणम गच्छामि का आडिओ सुनाई देता है तो मन अपने आप एक अज़ीब सी शांति से भर उठता है।

इसी शांति को बटोरे हुए हम वापस शाम को बनारस की ओर चल पड़े। अगर ऍतिहासिक स्थलों में आप रुचि रखते हों और शांत भक्तिमय वातावरण आपको आनंदित करता हो, तो बनारस आते वक़्त सारनाथ अवश्य जाएँ। आशा है बनारस और सारनाथ का ये यात्रा वृतांत आपको पसंद आया होगा। अपनी राय से जरूर अवगत कराएँ।

सोमवार, 10 मई 2010

चलिए चलें सारनाथ जहाँ पड़ी बौद्ध धर्म की नींव !

यूँ तो इस साल जनवरी के अंतिम हफ्ते में समूचा उत्तर भारत कोहरे की चपेट में था पर 26 जनवरी के दिन बनारस में धूप अच्छी तरह खिल गई थी। सुबह साढ़े दस के लगभग हम बनारस से सारनाथ की ओर रवाना हो गए। शहर के उत्तर पूर्वी दिशा में स्थित सारनाथ, बनारस से तकरीबन 13 किमी की दूरी पर है। पर बनारस की भीड़ भीड़ वाली सड़कों से निकल कर सारनाथ पहुँचने में पौन घंटे लग ही जाते हैं।

सारनाथ के इलाके के पास पहुँचते ही इस बौद्ध धार्मिक स्थल की अहमियत का अंदाजा लग जाता है। विश्व के विभिन्न कोनों से आए विदेशी पर्यटकों की तादाद, हमारे जैसे देशी पर्यटकों से थोड़ी ही कम दिखती है। सारनाथ में देखने के लिए विभिन्न देशों के बौद्ध अनुयायिओं की मदद से बनाए गए कई छोटे बड़े मंदिरों के आलावा, जैन मंदिर, हिरण उद्यान, बौद्ध विहार के अवशेष व एक बेहद प्रसिद्ध राजकीय संग्रहालय भी है।

हमारे समूह ने सबसे पहले यहाँ के नए बौद्ध मंदिर मूलगंध कुटि विहार (Mulagandh Kuti Vihar) की ओर रुख किया। दरअसल मंदिर से थोड़ी दूर पर इसी नाम के पुराने मंदिर के भग्नावशेष मिले हैं। चीनी यात्री ह्वेनसांग की माने तो यहाँ अवस्थित उस प्राचीन मंदिर की ऊँचाई लगभग 61 मीटर थी। 18 मीटर से कुछ अधिक वर्गाकार भुजा वाले इस मंदिर का प्रवेश द्वार पूर्व की ओर था जिसके सामने एक आयताकार मंडप एवम् विशाल प्रांगण था। इतिहासकारों का मानना है कि स्थापत्य और ईंटों की सज्जा शैली के हिसाब से ये मंदिर गुप्त काल में बनाया गया होगा।

इसी स्थल पर नए मंदिर को बनाने का श्रेय श्रीलंका के बौद्ध प्रचारक अंगारिका धर्मपाल को जाता है जिन्होंने भारत में महाबोधि समाज की नींव रखी। धर्मपाल के आह्वाहन पर विश्व भर के बौद्ध धर्मावलंबियों के दान से 1931 में इस मंदिर का निर्माण हुआ। भारत के नार्गाजुन कोंडा और तक्षशिला में उत्खनन से मिले कई पवित्र बौद्ध ग्रंथों को अंग्रेजों ने महाबोधि समाज को भेंटस्वरूप दिया और ये आज इस मंदिर की शोभा बढ़ा रहे हैं। हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन इन धर्मग्रंथों के साथ यहाँ एक शोभायात्रा निकाली जाती है।



मंदिर में घुसते ही स्वर्णिम आभा से चमकती बुद्ध की प्रतिमा नज़र आती है। प्रतिमा के बगल में जापान से लाई गई एक विशाल घंटी भी दृष्टिगोचर होती है। एक अलग बात ये दिखी कि कैमरे के लिए कोई टिकट अलग से नहीं दिया जा रहा था । सिर्फ एक अनुरोध इतना कि टिकट की जगह वो राशि आप दानपात्र में डाल दें।



भगवान बुद्ध को प्रणाम करने के बाद सहसा नज़र मंदिर की दीवारों पर चली गई। प्रख्यात जापानी चित्रकार कोसेत्सू नोसू (Kosetsu Nosu) के बनाए इन चित्रों को 1936 में आम जन के सामने प्रस्तुत किया गया। इन चित्रों में बुद्ध के जीवन की प्रमुख घटनाओं का निरूपण किया गया है।





मंदिर परिसर से निकल कर हम उस स्थान की ओर बढ़ गए जिसके लिए सारनाथ विख्यात है। आपको तो पता ही होगा कि क्यूँ सारनाथ भगवान बुद्ध के चार प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक माना जाता है? अगर आप भूल गए हों तो चलिए आपकी याददाश्त एक बार फिर ताज़ा किए देते हैं। दरअसल बोधगया, बिहार में ज्ञान प्राप्ति के बाद अपने प्रथम पाँच शिष्यों को इसी जगह स्थित हिरण उद्यान में बुद्ध ने पहला धर्मोपदेश दिया जिसका उल्लेख 'धर्म चक्र प्रवर्तन' के नाम से बौद्ध साहित्य में मिलता है। यानि बौद्ध धर्म की नींव सारनाथ में ही पड़ी।

बौद्ध धर्म ग्रंथों में सारनाथ का उल्लेख ॠषिपत्तन, धर्मपत्तन, मृगदाय व मृगदाव के रूप में होता रहा है पर ताज़्जुब की बात ये है कि सारनाथ का ये आधुनिक नाम पास में स्थित महादेव के मंदिर सारंगनाथ से निकल कर आया है।


मूलगंध कुटि विहार से निकलकर हम उस बोधिवृक्ष के पास आ गए जिसके नीचे अपने पाँच शिष्यों को उपदेश देते गौतम बुद्ध की मूर्ति दिखाई दे रही थी। कहते हैं कि सम्राट अशोक की पुत्री संघमित्रा ने बोधगया स्थित पवित्र बोधि वृक्ष की एक शाखा श्रीलंका के अनुराधापुरा में लगाई थी। उसी पेड़ की एक शाखा से सारनाथ का बोधिवृक्ष फला फूला है। यह शाखा यहाँ मुलगंध कुटि विहार के उद्घाटन के समय लगाई गई थी। 1989 में यहाँ गौतम बुद्ध व उनके शिष्यों की प्रतिमा म्यानमार के बौद्ध श्रृद्धालुओं की मदद से बनी। 1999 में इस परिसर में बुद्ध के 28 रूपों की प्रतिमा और लगाई गई जिनमें से एक का चित्र आप नीचे देख सकते हैं।


इसी परिसर में ही एक विशाल घंटी भी लगी हुई है जिसे बौद्ध धर्म घंटे का नाम देते हैं। कहते हैं इसे बजाते वक़्त इसकी आवाज़, सात किमी दूर तक सुनाई देती है। इस परिसर से निकल कर हम सारनाथ के प्राचीन स्तूपों की ओर बढ़े। सारनाथ की यात्रा के इस चरण के बारे में जानिएगा विस्तार से इस कड़ी के अगले भाग में..


शुक्रवार, 30 अप्रैल 2010

मुसाफ़िर हूँ यारों... (Musafir Hoon Yaaron) ने पूरा किया दो सालों का सफ़र !

देखते ही देखते मुसाफ़िर हूँ यारों का दूसरा जन्म दिन आ गया। आज से दो साल पहले जब मैंने एक शाम मेरे नाम पर अपने यात्रा विवरणों को लिखना बंद कर हिंदी में यात्रा चिट्ठे की परिकल्पना कर नई शुरुवात की थी तो मेरे सामने सबसे बड़ी चुनौती यही थी कि क्या दो ब्लॉगों की नैया एक साथ पार लगाई जा सकेगी?



ऐसा नहीं कि दिक्कतें नहीं आयीं। खासकर वार्षिक संगीतमालाओं के दौरान मुसाफिर हूँ यारों (Musafir Hoon Yaaron) के लिए समय निकालना तो बहुत ही कठिन रहा। फिर भी इस चिट्ठे की गाड़ी पटरी पर धीरे धीरे ही सही, खिसकती रही।

समय के आलावा दूसरी चुनौती, एक यात्रा चिट्ठे पर विषयवस्तु की निरंतरता बनाए रखने की थी। दरअसल इस समस्या से हर यात्रा चिट्ठाकार चाहे वो हिंदी का हो या अंग्रेजी का जूझता रहता है। चाहे आप कितने बड़े घुमक्कड़ क्यूँ ना हों घर, परिवार और नौकरी की बंदिशों के बीच आप सारा साल तो घूमते घामते नहीं रह सकते ना ? इसलिए अगर आप अंग्रेजी चिट्ठाकारों के यात्रा चिट्ठों को पढ़ेंगे तो पाएँगे कि वो अपनी यात्राओं के संस्मरणों को एक साथ नहीं पेश कर देते बल्कि 'फिलर' के तौर पर कुछ सामग्री अपने पास संचित कर लेते हैं। अक्सर ये फिलर यात्रा में लिए गए वो चित्र होते हैं जो अपनी कुछ विशेषताओं की वजह से एक माइक्रो पोस्ट का ज़रिया बन जाते हैं।

जब 'मुसाफ़िर हूँ यारों' के लिए फिलर की समस्या आई तो मैंने चित्र पहेलियों का सहारा लिया। इस ब्रह्मांड में भगवान ने इतना कुछ सुंदर, इतना कुछ विलक्षण बनाया है कि एक जिंदगी तो क्या लाखों जिंदगियों में चाह कर भी उसे साक्षात देख नहीं सकते। पर इंटरनेट के इस ज़माने में चित्रों और लेखों के माध्यम से उन्हें जान और समझ तो सकते हैं ना। सच कहूँ तो मुझे जितना मजा आपके लिए चित्र पहेलियों को रचने में आया उससे कहीं ज्यादा उन विलक्षण जगहों या घटनाओं के बारे में अपनी जानकारी के समृद्ध होने की वज़ह से आया। उनाकोटि, त्रिपुरा के पत्थर पर नक्काशे चित्र हों या कोलकाता के अद्भुत पूजा पंडाल, कलावंतिन दुर्ग की त्रिभुजाकार चोटी हो या फिर सोकोत्रा के विलक्षण पौधे इन सब के बारे में मुझे पढ़कर कर मुझे जितना आनंद मिला उतना ही उसके बारे में चित्र पहेली के माध्यम से जानकर आपको भी आया होगा ऐसी आशा है।

पिछले साल मेरे साथ आपने उड़ीसा में भितरकनिका कै मैनग्रोव जंगलों और केरल में मुन्नार, कोच्चि, कोवलम और कोट्टायम की सैर की। पटना के हरमंदिर साहब और कोलकाता के पूजा पंडालों का भी भ्रमण आपने मेरे साथ किया। चिट्ठे के तीसरे साल की शुरुआत मेंने बनारस से की है। आगे आपको सोमनाथ, नए दीघा, चाँदीपुर उड़ीसा की कुछ ऐतिहासिक बौद्ध विरासतों और भारत के एक विशाल डैम के अपने यात्रा संस्मरण भी सुनाने हैं जहाँ का मैं पिछले छः महिनों में चक्कर लगा चुका हूँ। यानि संक्षेप में कहूँ तो इन सब यात्राओं की कहानियाँ आपको फ्लैशबैक में बताई जाएँगी। ये पढ़ते वक़्त अगर आप ये सोच रहे हों कि मुझे सफ़र करना इतना पसंद क्यूँ है तो इस प्रश्न का जवाब भी देता ही चलूँ।

दरअसल यात्राएँ नई नई जगहें देखने का माध्यम तो हैं ही पर मुझे लगता है कि मेरे लिए ये अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से निकल कर एक अलग तरह के अनुभवों को सहेज लेने का सबसे बड़ा मौका देती हैं। दूसरे यात्राएँ आपकी सोच को एक नए वातावरण में पलने का मौका देती हैं। अपने शहर का सूर्योदय भी मनोरम होता है पर उसे देखकर वो ख्याल नहीं उभरते जो आपको कहीं घूमते हुए उसी दृश्य को देखकर उठते हैं। क्यूँ होता है ऐसा? कारण ये है कि आप जब घर से निकलते हैं तो रोजमर्रा की समस्याओं को संदूक में बंद कर खुले मन से बाहर निकलते हैं। कम से कम मैं तो ऐसा ही करता हूँ और शायद इसी वज़ह से अपने हर नए सफ़र में एक नई उर्जा को अपने मन में पाता हूँ । अगर आप अपनी चिंताओं को अपने सफ़र में साथ लिए चलते हों तो यकीन मानिए आप अपनी यात्रा का कभी उन्मुक्त हृदय से आनंद नहीं ले पाएँगे।

आशा है इस नए साल में भी इस चिट्ठे के प्रति आपका स्नेह बना रहेगा और आपके आशीर्वाद से आपका ये मुसाफ़िर कुछ नए मुकामों तक पहुँचने की कोशिश करेगा । आखिर मुसाफ़िर की यात्रा का कोई अंत कहाँ... हरिवंश राय 'बच्चन' साहब ने यूँ ही तो नहीं कहा
साँस चलती है तुझे
चलना पड़ेगा ही मुसाफ़िर

सूर्य ने हँसना भुलाया
चंद्रमा ने मुस्कुराना
और भूली यामिनी भी
तारिकाओं को जगाना
एक झोंके ने बुझाया
हाथ का भी दीप लेकिन
मत बना इसको पथिक तू
बैठ जाने का बहाना
एक कोने में हृदय के
आग तेरी जग रही है
देखने को मग तुझे
जलना पड़ेगा ही मुसाफ़िर
साँस चलती है तुझे
चलना पड़ेगा ही मुसाफ़िर...

सोमवार, 26 अप्रैल 2010

यादों के झरोखों में एक शहर 'बनारस'

अब तक बनारस चार पाँच बार जा चुका हूँ। पर एक पर्यटक की हैसियत से बनारस जाना कम ही हो पाया है। बचपन में पिताजी मुझे एक बार अवश्य बनारस घुमाने ले गए थे। पर आज मस्तिष्क पर जोर डालने से धुँधली सी बस दो स्मृतियाँ ही उभरती हैं। एक तो गंगा तट पर नौका विहार की और दूसरे तुलसी मानस मंदिर में रामायण के चलते फिरते किरदारों के सुंदर मॉडलों की। ज़ाहिर है बाल मन पर इस दूसरी छवि का ज्यादा असर हुआ। इसके बाद बनारस जाना तो नहीं होता था पर जब भी किसी सफ़र में रेलगाड़ी बनारस के रास्ते मुगलसराय की ओर निकलती हम भाई बहन माँ पिताजी से पैसे लेकर गंगा के पुल से नीचे फेंकना नहीं भूलते थे।

फिर परास्नातक की पढ़ाई के लिए IT BHU का फार्म लाने 1994 में बनारस आना हुआ। पहली बार बनारस की टेढ़ी - मेढ़ी गलियों में रास्ता भूल जाने का अनुभव भी तभी हुआ। तब तक बनारस की छवि एक मंदिरों वाले शहर से बदलकर भीड़ भाड़ वाले एक आम मध्यमवर्गीय नगर के रूप में हो चुकी थी। कुछ सालों बाद जब लेखक पंकज मिश्रा का प्रथम उपन्यास दि रोमांटिक्स (The Romantics) पढ़ा तो बनारस की उस यात्रा की याद ताज़ा हो गई। पुस्तक की शुरुवात में ही मुख्य किरदार इस शहर के बारे में अपनी यादें बाँटते हुए कहता है...
"मैं जब पहली बार 1989 की ठिठुराती ठंड में बनारस पहुँचा तो मुझे नदी किनारे के एक टूटे फूटे मकान में शरण मिली। पर आज आप वैसी जगहों में पनाह पाने की उम्मीद नहीं पाल सकते। जापानी पर्यटकों के लिए सस्ती दरों के अतिथि गृह और जर्मन पेस्ट्री की दुकानें आज नदी किनारे की शोभा बढ़ाती हैं। रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर खड़े दलाल आपको नए बनारस में बने कंक्रीट और काँच की दीवारों से सुसज्जित होटलों में ले जाने को उद्यत रहते हैं। इस नए मध्यमवर्ग की धनाढ़यता आखिरकार बनारस में आ ही गई है। हिंदुओं का ये पवित्रतम तीर्थस्थल जहाँ हजारों सालों से पुनर्जन्म के चक्र से श्रृद्धालु छुटकारा पाने के लिए आते रहे हैं, अब एक भीड़ भरी व्यवसायिक नगरी में तब्दील हो चुका है।

पर ऍसा तो होना ही था। इस बदलाव के लिए ज्यादा दुखी होने की आवश्यकता नहीं। बनारस एक ऐसा शहर है जिसे मुस्लिम और अंग्रेज आकाओं के शासनकाल में कितनी ही बार विनाश और पुनर्निर्माण की प्रकिया से गुजरना पड़ा है। वैसे भी हिंदुओं की ये मान्यता है कि बनारस या वाराणसी भगवान शिव का घर है जो ख़ुद ही सृष्टि के रचनाकार और विनाशकर्ता रहे हैं। विश्व का स्वरूप सतत बदलता रहा है और जब हम इस नज़रिए से किसी शहर को देखते हैं, पुरानी बातें ना रह पाने के लिए अफ़सोस करना व्यर्थ ही जान पड़ता है।"

पंकज की ये टिप्पणी भारत के किसी भी शहर के लिए सटीक जान पड़ती है। अगर आज के पटना में सम्राट अशोक के पाटलिपुत्र की छाप देखने जाएँगे या लखनऊ की उसी अवधी नज़ाक़त को महसूस करना चाहेंगे तो निराशा ही तो हाथ लगेगी।

इस साल जब जनवरी के अंत में बनारस जाने का मौका मिला तो उद्देश्य सिर्फ शादी का समारोह में शिरक़त करने का था। पर थोड़ा अतिरिक्त समय और साथ में वाहन होने की वज़ह से लगा कि मेहमानों के साथ पुरानी यादें ताज़ा करने का ये मौका अच्छा है। तो मैं सबके साथ निकल लिया बनारस के कुछ मंदिरों की सैर पर।

हमारे ठहरने की जगह से बनारस हिंदू विश्वविद्यालय पास ही था। तो सबसे पहले हम सब इस विश्वविद्यालय के प्रांगण में स्थित नए विश्वनाथ मंदिर में गए। बिड़ला परिवार द्वारा बनाया ये मंदिर अहिल्या बाई होलकर द्वारा अठारहवीं शताब्दी में बनाए गए पुराने मंदिर का ही प्रतिरूप है।


मंदिर परिसर में घुसते ही पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा दृष्टिगोचर होती है। इस मंदिर की निर्माण योजना में मालवीय जी का खासा योगदान रहा है। सफेद संगमरमरसे बनाए गए इस मंदिर की दीवारों पर भारतीय धर्मग्रंथों से लिए गए आलेख अंकित हैं।

पिछली तीनों बार जब जब बनारस आना हुआ है इस मंदिर में मैं गया हूँ। पर प्रथम बार यहाँ आने का अनुभव अब भी नहीं भूलता।

तब सुबह आठ बजे के आस पास मैं वहाँ पहुँचा था। पूरा परिसर लगभग खाली था। मुख्य मंदिर के सामने एक महिला हारमोनियम लिए बड़ी तन्मयता से एक भजन गा रही थी। मंदिर के विशाल कक्ष में गूँजती उनकी आवाज़ पूरे वातावरण को निर्मल किए दे रही थी। वहाँ से निकलकर मंदिर के पिछवाड़े में गया तो देखा कि कॉलेज के छात्र मंदिर के फर्श पर ही बैठे लेटे पढ़ाई में तल्लीन हैं। भक्ति और विद्या के रंगों से रँगा ये वातावरण मन को भीतर तक प्रफुल्लित कर गया। अपने इसी अनुभव की वज़ह से मुझे यहाँ जाना हमेशा ही अच्छा लगता है।

काशी विश्वनाथ मंदिर से निकलने के बाद हम यहाँ के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर गए। मार्च २००६ में इसी मंदिर का अहाता आतंकवादियों के निशाने पर रहा था। यहाँ के लोग कहते हैं कि यहाँ नुकसान और हो सकता था अगर एक बंदर ने दूसरे बम को दूर ना फेंक दिया होता। इस घटना के बाद से बनारस के विभिन्न मंदिरों के अंदर चित्र लेने की मनाही हो गई है।
संकटमोचन मंदिर के पास ही दुर्गा मंदिर और तुलसी मानस मंदिर भी अवस्थित हैं। कत्थई रंग का दुर्गा मंदिर भी बेहद पुराना मंदिर हैं। मंदिर से जुड़ा एक कुंड है जिसे दुर्गा कुंड के नाम से जाना जाता है। यहाँ की मूर्ति के बारे में कहा जाता है कि वह मानव निर्मित ना होकर स्वतः बाहर आई थी। नवरात्र के समय यहाँ भारी भीड़ होती है।


तुलसी मानस मंदिर जिसकी चर्चा मैंने पोस्ट के आरंभ में की, दुर्गा मंदिर से कुछ कदमों के फासले पर है। कहा जाता है कि तुलसीदास ने यहीं बैठकर रामचरितमानस की रचना की। वर्ष 1964 में बने इस मंदिर की विशेषता ये है कि इसकी दीवारों पर रामायण का प्रत्येक अध्याय अंकित है है। फिर रामायण के विभिन्न प्रसंगों को बिजली से चलते मॉडलों के रूप में देखना बच्चों और बड़ों सब को बेहद सुहाता है।

इन मंदिरों को देखते देखते दिन के डेढ़ बज चुके थे सो हम वापस चल दिए। बनारस शहर वैसे सिर्फ मंदिरों का शहर नहीं है। बहुत कुछ है इस शहर से जुड़ा हुआ जिसे शायद फिर कभी देखना समझना होगा। बनारस की बात खत्म करने के पहले यहाँ के एक शिक्षाविद और कवि ज़मज़म रामनगरी की कुछ पंक्तियाँ याद आ रही हैं जो उन्होंने अपने इस शहर के लिए कही हैं....

यही मिट्टी हमारे पूर्वजों का इक ख़जाना है
इसी मिट्टी से आए हैं इसी मिट्टी में जाना है
कला का केंद्र है काशी, यहीं बनती है वो साड़ी
मुसलमान जिसका ताना है और हिंदू जिसका बाना है

अगली पोस्ट में आपके साथ बाटूँगा अपनी सारनाथ यात्रा का विवरण।