गुरुवार, 20 अक्टूबर 2011

रंगीलो राजस्थान: राँची से उदयपुर तक का सफ़र !

अपनी उम्र के बच्चों के विपरीत स्कूल में इतिहास और भूगोल मेरा प्रिय विषय रहे थे। अक्सर लोग इतिहास के नाम से इसलिए घबराते थे कि एक तो इस विषय में महत्त्वपूर्ण तारीख़ों को याद रखने के लिए अच्छी खासी क़वायद करनी पड़ती थी और दूसरे इम्तिहान में चाहे जितना जोर लगाओ, सारे सवालों का हल पूरा करने के पहले कॉपी भी छिन जाती थी। हाथ की उँगलियों में जो दर्द कई दिनों तक नुमाया रहता था, सो अलग। ऐसा नहीं कि मुझे इन सब बातों से चिढ़ नहीं होती थी। पर परीक्षा के माहौल से गुजरने और तारीखों के जंजालों से इतर भी मुझे ये विषय बड़ा प्रिय लगता था। शायद इसमें मेरी शिक्षिका का योगदान हो या अपने अतीत में झाँकने की मेरी स्वभावगत उत्सुकता, पर ये प्रेम कॉलेज के बाद तकनीकी क्षेत्र में जाने के बाद भी बना रहा।

और भारत के किसी एक प्रदेश में आज भी अगर ऐतिहासिक इमारतें उसी बुलंदी से खड़ी हैं तो वो है राजस्थान। इसी लिए मेरे घुमक्कड़ी मन में राजस्थान जाने के लिए काफ़ी उत्साह था। ऐसा नहीं कि इससे पहले मैंने राजस्थान की धरती पर कदम नहीं रखा था। एक बार कार्यालय के काम से और एक बार घूमने के लिए जयपुर जा चुका था। पर जयपुर देख कर राजस्थान की मिट्टी, वहाँ के रहन सहन , बोल चाल को महसूस कर पाना मुमकिन नहीं है।

दो साल पहले काफी कोशिशों के बाद भी ऐन वक़्त पर वहाँ जाने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा था पर पिछले साल दीपावली के तुरंत बाद नवंबर में जब राजस्थान जाने का कार्यक्रम बनाना शुरु किया तो दिल्ली के बाद अपना पहला पड़ाव मैंने उदयपुर रखा। ग्यारह दिनों के इस कार्यक्रम में उदयपुर, को केंद्र बनाकर हम चित्तौड़गढ़ , रनकपुर और कुंभलगढ़ गए और फिर माउंट आबू होते हुए, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर की तरफ निकल गए। अगर मानचित्र में देखें तो मेवाड़ से लेकर मारवाड़ तक के दक्षिण पश्चिमी राजस्थान को हमने अपनी इस यात्रा में देखने की कोशिश की।

गुरुवार, 22 सितंबर 2011

सिक्किम त्रासदी : कुछ फुटकर यादें...

एक पर्यटक के तौर पर हम सब किसी ना किसी जगह जाते हैं और  कुछ दिनों के लिए हम उसी फिज़ा और उसी आबोहवा का हिस्सा बन जाते हैं। हफ्ते दस दिन के बाद भले ही हम अपनी दूसरी दुनिया में लौट जाते हैं पर उस जगह की सुंदरता, वहाँ के लोग, वहां बिताए वो यादगार लमहे... सब हमारी स्मृतियों में क़ैद हो जाते है। भले उस जगह हम दोबारा ना जा सकें पर उस जगह से हमारा अप्रकट सा एक रिश्ता जरूर बन जाता है।

यही वज़ह है कि जब कोई प्राकृतिक आपदा उस प्यारी सी जगह को एक झटके में झकझोर देती है, मन बेहद उद्विग्न हो उठता है।हमारे अडमान जाने के ठीक दो महिने बाद आई सुनामी एक ऐसा ही पीड़ादायक अनुभव था। सिक्किम में आए इस भूकंप ने एक बार फिर हृदय की वही दशा कर दी है। हमारा समूह जिस रास्ते से गंगटोक फेनसाँग, मंगन, चूँगथाँग, लाचुंग और लाचेन तक गया था आज वही रास्ता भूकंप के बाद हुए भू स्खलन से बुरी तरह लहुलुहान है।
सेना के जवान लाख कोशिशों के बाद भी कल मंगन तक पहुँच पाए हैं जबकि ये उत्तरी सिक्किम के दुर्गम इलाकों में पहुँचने के पहले का आधा रास्ता ही है। आज से कुछ साल पहले मैं जब गंगटोक से लाचेन जा रहा था तो  इसी मंगन में हम अपने एक पुराने सहकर्मी को ढूँढने निकले थे। सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई और अमेरिका से एम एस कर के लौटने वाले तेनजिंग को सेल (SAIL) की नौकरी ज्यादा रास नहीं आई थी। यहाँ तक कि नौकरी छोड़ने के पहले उसने अपने प्राविडेंड फंड से पैसे भी लेने की ज़हमत नहीं उठाई थी। उसी तेनजिंग को हम पी.एफ. के कागज़ात देने मंगन बाजार से नीचे पहाड़ी ढलान पर बने उसके घर को ढूँढने गए थे।
तेनजिंग घर पर नहीं था पर घर खुला था। पड़ोसियों के आवाज़ लगाने पर वो अपने खेतों से वापस आया। हाँ, तेनज़िंग को इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ कर अपने पैतृक निवास मंगन में इलायची की खेती करना ज्यादा पसंद आया था। तेनज़िंग से वो मेरा पहला परिचय था क्यूंकि वो मेरी कंपनी में मेरे आने से पहले नौकरी छोड़ चुका था। आज जब टीवी की स्क्रीन पर मंगन के तहस नहस घरों को देख रहा हूँ तो यही ख्याल आ रहा है कि क्या तेनजिंग अब भी वहीं रह रहा होगा?


मंगन से तीस किमी दूर ही चूँगथाँग है जहाँ पर लाचेन चू और लाचुंग चू मिलकर तीस्ता नदी का निर्माण करते हैं। यहीं रुककर हमने चाय पी थी। चाय की चुस्कियों के बीच सड़क पर खेलते इन बच्चों को देख सफ़र की थकान काफ़ूर हो गई थी। आज इस रास्ते में हालत इतनी खराब है कि अभी तक चूँगथाँग तक का सड़क संपर्क बहाल नहीं हो सका है।  चूँगथांग में अस्सी फीसदी घर टूट गए हैं। चूमथाँग के आगे का तो पता ही नहीं कि लोग किस हाल में हैं।

चूमथाँग और लाचेन के बीच की जनसंख्या ना के बराबर है। लाचेन वैसे तो एक पर्यटन केंद्र है पर वास्तव में वो एक गाँव ही है। मुझे याद है की हिमालय पर्वत के संकरे रास्तों पर तब भी हमने पहले के भू स्खलन के नज़ारे देखे थे। जब पत्थर नीचे गिरना शुरु होते हैं तो उनकी सीध में पड़ने वाले मकानों और पेड़ों का सफाया हो जाता है। सिर्फ दिखती हैं मिट्टी और इधर उधर बिखरे पत्थर। बाद में उन रास्तों से गुजरने पर ये अनुमान लगाना कठिन हो जाता है कि यहाँ कभी कोई बस्ती रही होगी। सुना है बारिश से उफनते लाचुंग चू ने भू स्खलन की घटनाएँ अब भी हो रही हैं।

इन दूरदराज़ के गाँवों में एक तो घर पास पास नहीं होते, ऍसे में अगर भूकंप जैसी विपत्ति आती है तो किसी से सहायता की उम्मीद रखना भी मुश्किल है। इन तक सहायता पहुंचाने के लिए सड़क मार्ग ही एक सहारा है जिसे पूरी तरह ठीक होने में शायद हफ्तों लग जाएँ। पहाड़ों की यही असहायता विपत्ति की इस बेला में मन को टीसती है। सूचना तकनीक के इस युग में भी हम ऐसी जगहों में प्रकृति के आगे लाचार हैं।
अंडमान, लेह और अब सिक्किम जैसी असीम नैसर्गिक सुंदरता वाले प्रदेशों में प्रकृति समय-समय पर क़हर बर्पाती रही है। आशा है सिक्किम की जनता पूरे देश के सहयोग से इस भयानक त्रासदी का मुकाबला करने में समर्थ होगी।

बुधवार, 14 सितंबर 2011

आइए जानते हैं क्या था बर्फ के इन अंडों का रहस्य ?

पिछली पहेली में आपसे प्रश्न पूछा था समुद्र तट पर फैली हुई सफेद अंडाकार आकृतियों के बारे में। अगर आप भी इन्हें साक्षात देखना चाहते हैं तो आपको या तो अमेरिका जाना होगा या फिर स्वीडन। पर  इन अंडों जो कि वास्तव में अंडे हैं नहीं, को देखने क्या आप इतनी दूर क्यूँ जाएँगे ? संयुक्त राज्य अमेरिका में वैसे तो बहुत सारी झीलें हैं पर उनमें से लेक मिशिगन ही एक ऐसी झील है जिसकी सीमाएँ पूरी तरह अमेरिका के अंदर हैं। 58000 वर्ग किमी में फैली इस झील के तट पर जाड़ों के मौसम में ऐसे दृश्य बारहा दिखाई दे जाएँगे।

दरअसल ये अंडे किसी जीव के नहीं बल्कि बर्फ के गोले हैं जो विशेष प्राकृतिक परिस्थितियों में समुद्र और झील के किनारे बनते हैं।

अटलांटिक महासागर में स्कैंडेनेविया के देशों जेसे स्वीडन में भी प्रकृति का ये दिलचस्प माज़रा देखने को मिला है। मौसम वैज्ञानिकों के अब तक किए गए शोध से पता चला है कि इन बर्फ के गोलों के बनने के लिए वातावरण में कुछ विशेष परिस्थितियों का होना जरूरी है। मसलन शून्य से नीचे का तापमान, चालिस से पचास किमी तक की गति से चलती तेज हवाएँ और साथ में होता हिमपात।


होता ये है कि तेज चलती हवाओं और उनसे उत्पन्न लहरों की वजह से तापमान शून्य के नीचे होने से भी जम नहीं पाता। गिरती या उड़ती बर्फ, लहरों की लगातार घुमावदार मार से पानी की सतह पर घूमती हुई ,घूमती हुई बहती चली जाती है और अंततः एक गोलाकार रूप ले लेती है। मौसम वैज्ञानिकों के एक दल ने जब इस बर्फ के गोलों को तोड़ा तो देखा कि 2-5 सेंटीमीटर बर्फ की कठोर बाहरी परत के अंदर का भाग नम और ढीली बर्फ से भरा हुआ है।

वैसे ख़ुद ही देखिए इस वीडिओ में कि कैसे लहरों के साथ बर्फ के ये गोले तट पर बिछा दिए जाते हैं ।


इस बार के प्रश्न का सबसे सही और पहले अनुमान लगाया काजल कुमार ने। उन्हें बहुत बधाई। बाकी लोगों का अनुमान लगाने के लिए धन्यवाद।

सोमवार, 29 अगस्त 2011

चित्र पहेली 19 : ये किस जीव के अंडे हैं ?

चित्र पहेलियों की कड़ियों में बहुत पहले समुद्र तट के किनारे रात के समय होती कछुओं की दौड़ दिखाई थी और पूछा था आप सब से कि ये दौड़ आखिर किस खुशी में है? बाद में आपको बताया था कि भारत के पूर्वी तटों पर ये दौड़ कछुओं के प्रजनन काल में अक्सर देखने को मिलती है। पर आज की पहेली के चित्र में माज़रा कुछ उल्टा है। चित्र में एक समुद्र तट दिख रहा है और उसके साथ दिख रही हैं कुछ अंडाकार आकृतियाँ!



ये आकृतियाँ आगर वास्तव में किसी बड़े जीव के अंडे हैं तो फिर ये समझ नहीं आता कि इस निर्जन से दिखते तट पर उन्हें बिना छुपाए यूँ तट पर क्यूँ छोड़ दिया गया है? आखिर कौन सा जीव ऐसा कर सकता है ? कम से कम कछुए तो ऐसा नहीं करते। हो सकता है कि आप इन्हें अंडे मानने से इनकार दें। फिर भी सवाल तो वही रह जाता है ना कि आखिर ये हैं क्या ? तो दिमागी घोड़े दौड़ाइए या फिर अगर फिर भी जवाब ना समझ आए तो कीजिए अगली पोस्ट का इंतज़ार। तब तक आपके जवाब हमेशा की तरह माडरेशन में रखे जाएँगे।

सोमवार, 22 अगस्त 2011

चाँदीपुर समुद्र तट भाग 3 : दिन की मौज मस्ती और अलविदा.

दिन के बारह बजे मौसम बिल्कुल साफ हो गया था। इस बार चूँकि हमे पानी मरं छपाके लगाने थे इसलिए सूर्य की रोशनी में चमकते अपने अतिथि गृह सागर दर्शन को छोड़कर हम समुद्र के अंदर एक दूसरे से रेस लगाते हुए भागे।




करीब ढाई किमी चलने के बाद करीब घुटनों भर पानी मिला । वैसे आगर आप एक दो किमी और भी चल लें रो पानी कमर से ऊपर नहीं जाएगा। इसलिए यहाँ के लोग कहते हैं कि इस तट पर चाहे आप कितनी भी कोशिश कर लें आप समुद्र में डूबकर आत्म हत्या नहीं कर सकते।

अगर आपकों इन तटों पर नहानों हों तो पूरे पैर फैलाकर पानी में बैठ जाइए । लहरें फिर आकर आपको तर कर जाएँगी। एक बार पानी में गीले होने के बाद हमारी मौज मस्तियाँ शुरु हो गयीं। इस बार मैं धूप की वजह से काले चश्मे को पहन कर आया था। पानी में दो तीन डुबकियों के बाद ज्यूँ ही सिर बाहर निकाला बेटे ने कहा पापा आपका चश्मा कहाँ गया?  लगा कि हजार दो हजार का चूना तो लग ही गया पर गनीमत थी कि तेज धार ना होने के कारण अगली डुनबकी में चश्मा वहीं सुरक्षित मिल गया।

 समुद्र में दौड़ते भागते यूँ वक़्त गुजर गया कि पता ही नहीं चला...


चाँदीपुर के समुद्र तट का असली आनंद दूसरे समुद्र तटों से हटकर है। आप यकीन मानिए समुद्र के अंदर दो तीन किमी जब आप चल कर चारों ओर देखते हैं तो आपको दूर दूर तक पानी के सिवा और कुछ नज़र नहीं आता। बस वहाँ आप होते हैं और समुद्र होता है। एक ऐसा समुद्र जो आप को डराता नहीं भगाता नहीं। मन होता है कि समुद्र के पानी में शरीर को सहलाती हवाओं के बीच वहीं धूनी रमाकर बैठ जाएँ। इसलिए समुद्र में धमाचौकड़ी मचाते अपने समूह को छोड़कर आधे घंटे के लिए मैं बिल्कुल दूसरी तरफ़ निकल गया। चाँदीपुर  में समुद्र के साथ बिताए हुए वो पल आज भीयात्रा के सबसे यादगार लमहे हैं।




चाँदीपुर में रहने के लिए निजी होटल भी हैं। पर सरकारी पंत निवास में आरक्षण मिल जाए तो सागर दर्शन गेस्ट हाउस की तरह ही आपको तट पर जाने के लिए होटल से बाहर निकलना नहीं पड़ता। इसलिए अगर आप पुरी की यात्रा कर चुके हैं तो अगली बार उड़ीसा जाने पर एक दिन चाँदीपुर का भी चक्कर जरूर लगाएँ।
इस श्रृंखला की सारी कड़ियाँ